कजनकल्याण शिविरों में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, नागरिकों ने लिया जागरूक समाज बनाने का संकल्प

कवर्धा। नशा मुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग जिला कबीरधाम द्वारा जिलेभर में नशा मुक्ति शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह आयोजन “नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान” थीम के तहत किया गया।
जिले के सभी जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों में आयोजित वृहद पंजीकरण शिविरों में केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। शिविरों में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा समाज और परिवार पर पड़ने वाले इसके नकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही सभी को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
अधिकारियों ने बताया कि नशा मुक्त भारत सप्ताह के दौरान जिले में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर युवाओं एवं आम नागरिकों को नशामुक्त जीवन के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।





