फेसबुक पर अश्लील टिप्पणी और शिकायतकर्ता को धमकी देने का आरोप, आरोपी जेल भेजा गया
उप मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरों पर अभद्र टिप्पणी का मामला; कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा। सोशल मीडिया पर अश्लील एवं अभद्र टिप्पणियां प्रसारित करने और शिकायतकर्ता को धमकी देने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक 23 वर्षीय युवक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फेसबुक पर उप मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरों पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणियां की थीं। पूछताछ के दौरान शिकायतकर्ता को धमकी देने और हंगामा करने का भी आरोप है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ठाकुरपारा निवासी अजय सिंह ठाकुर (33) ने 10 अक्टूबर 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक फेसबुक आईडी के माध्यम से प्रमुख जनप्रतिनिधियों की तस्वीरों पर अश्लील और अभद्र टिप्पणियां प्रसारित की जा रही थीं।
पूछताछ के दौरान धमकी देने का आरोप
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित व्यक्ति की पहचान कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान सलमान अली खान (23), निवासी लोहारा नाका, झंडा चौक, कवर्धा के रूप में हुई।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी आक्रोशित हो गया और उसने शिकायतकर्ता को देख लेने की धमकी दी। इस दौरान जोर-जोर से चिल्लाने और हंगामा करने के कारण मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत कार्रवाई की। इसके अलावा धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के लिए इस्तगाशा तैयार किया गया। सोशल मीडिया पर कथित अश्लील एवं अभद्र टिप्पणी के मामले में धारा 296 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और धारा 67 सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) के तहत भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा एवं पुलिस टीम की भूमिका रही।
सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से पुलिस की अपील
कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति अथवा सार्वजनिक पद पर आसीन व्यक्ति के संबंध में अश्लील, अभद्र या आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने से बचें। सोशल मीडिया के माध्यम से कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध शिकायत मिलने पर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




