दामापुर-कापादाह के पास पलटी स्कूल बस, बाल-बाल बचे बच्चे
स्टेयरिंग जाम होने से हादसे की आशंका, बच्चों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
सीजीएन न्यूज़ | कबीरधाम।
कबीरधाम जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राम दामापुर एवं कापादाह के पास सनराइज पब्लिक स्कूल, बिसेसरा की बस बच्चों को छोड़ने के दौरान अचानक पलट गई। हादसे के बाद बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि बच्चों को गंभीर चोटें नहीं आईं।
जानकारी के अनुसार, बस का स्टेयरिंग अचानक जाम हो जाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। सूचना मिलते ही डायल 112 की मदद से बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पंडरिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। बच्चों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
हादसे ने खड़े किए सुरक्षा पर सवाल
स्कूल बस में बच्चों की सुरक्षित आवाजाही की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालन से जुड़े लोगों की होती है। ऐसे में बस का स्टेयरिंग अचानक जाम होना वाहन के रखरखाव और तकनीकी जांच पर सवाल खड़े करता है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
अब सवाल यह है कि क्या स्कूल बसों की नियमित तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है? समय रहते ऐसी खामियों की पहचान नहीं हुई, तो भविष्य में बड़ा हादसा भी हो सकता है।





