हनुमान जी के मुकुट चोरी मामले में कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

कवर्धा, 1 जुलाई। उपमुख्यमंत्री निवास के समीप स्थित बजरंगबली मंदिर से हनुमान जी के चांदी के मुकुट की चोरी के मामले को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने जिला प्रशासन के समक्ष विरोध दर्ज कराया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर घटना का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि जिले में पिछले कुछ समय से धार्मिक स्थलों से जुड़ी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। 29 जून को बजरंगबली मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी होना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर भी सीधा आघात है। कांग्रेस का आरोप है कि घटना के कई घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में नाराजगी है और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर ने कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों का प्रशासन पर विश्वास कायम रहे।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, मुकुट चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने तथा दोषियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नवीन जायसवाल, ब्लॉक अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी, जिला महामंत्री मनीष शर्मा, गोपाल चंद्रवंशी, धीरज सिंह ठाकुर, शहर कांग्रेस महामंत्री पुष्पलता जोशी, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शीतेश चंद्रवंशी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





