2.71 लाख राशन कार्डों के नंबर बदले, आधार से मिल रहा राशन
-केवाईसी अधूरी होने से 19 हजार से अधिक हितग्राही परेशान, 5 हजार से ज्यादा छोटे बच्चों का सत्यापन बाकी

कवर्धा
जिले में नवंबर से लागू स्मार्ट पीडीएस की नई व्यवस्था ने राशन कार्डधारियों की परेशानी बढ़ा दी है। नए सिस्टम में करीब 2 लाख 71 हजार राशन कार्डधारियों के कार्ड नंबर बदल गए हैं। पुराने नंबर से राशन दुकानों में एंट्री नहीं हो पाने के कारण हितग्राहियों को नए नंबर की जानकारी के लिए खाद्य शाखा और राशन दुकानों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
कई हितग्राही ऐसे भी हैं, जिन्होंने ई-केवाईसी करा ली है, लेकिन पोर्टल पर उनका सत्यापन अपडेट नहीं दिख रहा है। जिले में 19 हजार से अधिक लोगों की ई-केवाईसी अधूरी है। इनमें 5 हजार से अधिक बच्चे ऐसे हैं, जिनकी उम्र 5 साल से कम है। इनका आधार आधारित ई-केवाईसी नहीं हो पाने के कारण राशन आवंटन में भी दिक्कत आ रही है। नई व्यवस्था में कार्ड नंबर बदलने से लेकर ई-केवाईसी तक की तकनीकी समस्याओं का असर सीधे हितग्राहियों पर पड़ रहा है।
स्मार्ट पीडीएस लागू होने के बाद पुराने राशनकार्ड नंबर की जगह नए आरसी (RC) नंबर जारी किए गए हैं। इसके चलते राशन दुकानों में पुराने कार्ड नंबर से एंट्री नहीं हो पा रही है।
नया राशनकार्ड नंबर निकाला जा रहा
खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन के मुताबिक, राशन दुकानों में आधार कार्ड के माध्यम से हितग्राही का नया राशनकार्ड नंबर निकाला जा रहा है। इसके आधार पर राशन दिया जा रहा है। व्यवस्था से जुड़ी तकनीकी समस्याओं की जानकारी राज्य स्तर पर भेजी गई है। जिला स्तर पर आने वाली शिकायतों का समाधान किया जा रहा है।
आयुष्मान कार्ड पर भी पड़ सकता है असर
नई व्यवस्था का असर केवल राशन वितरण तक सीमित नहीं है। राशनकार्ड के आधार पर ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाए जाते हैं। ऐसे में जिन हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड पुराने राशनकार्ड नंबर से जारी हुए हैं, उन्हें नए नंबर से जोड़ने की जरूरत पड़ सकती है।
इस संबंध में आयुष्मान कार्ड का काम देखने वाले स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अमित पटेल ने बताया कि राज्य स्तर पर राशनकार्ड के नए नंबर जारी होने की जानकारी दी गई है। इस विषय में राज्य स्तर पर खाद्य विभाग से चर्चा की जाएगी।
जानिए, क्या है स्मार्ट पीडीएस योजना
स्मार्ट पीडीएस केंद्र सरकार की सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन व्यवस्था) को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की पहल है। पहले राशनकार्ड, हितग्राहियों का रिकॉर्ड, राशन का आवंटन और वितरण अलग-अलग स्तरों पर संचालित होते थे। स्मार्ट पीडीएस के जरिए इन सभी प्रक्रियाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़कर एकीकृत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य राशन वितरण में गड़बड़ी, फर्जी कार्ड, दोहरे नाम और राशन की कालाबाजारी रोकना है।
नया आरसी नंबर पता करने ऑनलाइन सुविधा
खाद्य विभाग ने हितग्राहियों को पुराने राशनकार्ड का नया आरसी नंबर पता करने के लिए ऑनलाइन सुविधा दी है। राशनकार्ड में नाम जोड़ने, नाम काटने और अन्य कार्यों के लिए स्मार्ट पीडीएस पोर्टल पर सिटीजन लॉगिन (Citizen Login) के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
इन समस्याओं को लेकर प्रतिदिन कलेक्ट्रेट की खाद्य शाखा में हितग्राही पहुंच रहे हैं। विभाग का कहना है कि जिला स्तर पर आने वाली शिकायतों का निराकरण किया जा रहा है।





