कबीरधाम पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा, 2 स्थायी वारंटी गिरफ्तार; शराबखोरी और जुए में 15 लोगों पर कार्रवाई
अवैध शराब बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई, जुआरियों से 3,130 रुपये नकद और ताश की गड्डियां जब्त

कवर्धा। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कबीरधाम पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सख्त कार्रवाई की है। इस दौरान दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने, अवैध शराब बिक्री और शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामलों में कार्रवाई की गई। वहीं जुआ खेलते पकड़े गए 11 लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
भोरमदेव पुलिस ने दो स्थायी वारंटी पकड़े
थाना भोरमदेव पुलिस ने स्थायी वारंटों की तामिली करते हुए ग्राम भालुचुवा निवासी चमेली बाई (30 वर्ष) और दुर्गेश गोयल (31 वर्ष) को गिरफ्तार किया। दोनों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पिपरिया पुलिस की आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
थाना पिपरिया पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत चार प्रकरणों में कार्रवाई की। कॉलेज रोड पानी टंकी के पास सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पाए जाने पर हरीश चंद्रवंशी और विपिन चंद्रवंशी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
वहीं ग्राम इंदौरी बड़े पुल के पास अवैध रूप से शराब बिक्री करते पाए जाने पर देवराज सिंह ठाकुर के कब्जे से 1,800 मिलीलीटर शराब, 800 रुपये तथा बिक्री की रकम 300 रुपये जब्त की गई। इसके अलावा ग्राम खैरझिटी कला में अपनी दुकान पर लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में बीरू निर्मलकर के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
पढ़की में दो जगह जुआ खेलते 11 लोग पकड़े गए
थाना पांडातराई पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए। ग्राम पढ़की तालाब के पास ताश के 52 पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते पांच लोगों को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 1,450 रुपये नकद और ताश की गड्डी जब्त की गई।
इसी तरह ग्राम पढ़की के भैंसापुर मंदिर के पास जुआ खेलते छह अन्य लोगों को पकड़ा गया। इनके पास से 1,680 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई। दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई।
अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगी कार्रवाई
कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, अवैध शराब बिक्री और जुआ जैसी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा





