हाथी के हमले में महिला की मौत, तेंदुए की दस्तक से भी दहशत; कबीरधाम के जंगलों से लगे इलाकों में वन्यजीवों का बढ़ता खतरा

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा। बृजेश गुप्ता
कबीरधाम जिले के जंगलों से लगे सीमावर्ती इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। एक ओर मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले में साप्ताहिक बाजार आ रही महिला को जंगली हाथी ने कुचलकर मार डाला, वहीं दूसरी ओर कवर्धा में अस्पताल परिसर तक तेंदुए की पहुंचने की घटना ने वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाथी और तेंदुए की मौजूदगी से जंगल से लगे गांवों और शहरी इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गई है।
बाजार जा रही महिला को हाथी ने बनाया शिकार
मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले के समनापुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम फिटारी के आश्रित भरोसा टोला के पास जंगली हाथी ने महिला पर हमला कर दिया। मृतका की पहचान रामबाई यादव निवासी ग्राम कोदवाडीह, जिला डिंडोरी (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। बताया गया कि रामबाई यादव साप्ताहिक बाजार के लिए बोड़ला ब्लॉक के बांकी गांव आ रही थीं। इसी दौरान उनका सामना जंगली हाथी से हो गया। हाथी के हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कबीरधाम की सीमा से सटे जंगलों में हाथियों का दल
घटनास्थल कबीरधाम जिले के बोड़ला ब्लॉक के सीमावर्ती गांव बांकी और पंडरिया वन क्षेत्र के पंडरीपानी एवं धुड़सी जंगलों से लगा हुआ है। जानकारी के अनुसार, इस क्षेत्र में पिछले कई दिनों से चार हाथियों का दल विचरण कर रहा है। ऐसे में सीमावर्ती गांवों के ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन विभाग ने लोगों को हाथियों से दूरी बनाए रखने, उनके रास्ते में बाधा नहीं डालने और जंगल की ओर अकेले नहीं जाने की सलाह दी है।
अस्पताल तक पहुंच चुका है तेंदुआ, पहले भी मचा चुका है दहशत
कवर्धा में तेंदुए की मौजूदगी भी वन्यजीवों के बढ़ते खतरे की ओर इशारा करती है। अक्टूबर में शहर के स्नेहा अस्पताल परिसर में तेंदुआ पहुंच गया था। अस्पताल के महिला बाथरूम में तेंदुए के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई थी। इस दौरान एक महिला भी घायल हुई थी। वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तेंदुए को बेहोश किया और बाद में उसे सुरक्षित भोरमदेव अभयारण्य में छोड़ा था।
ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
हाथी के हमले में महिला की मौत और कवर्धा में अस्पताल परिसर तक तेंदुए की पहुंचने की घटनाएं बताती हैं कि जंगलों से लगे क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही को गंभीरता से लेने की जरूरत है। ग्रामीणों का जंगल, बाजार और खेतों तक आना-जाना बना रहता है। ऐसे में वन विभाग के सामने वन्यजीवों की निगरानी के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी बड़ी चुनौती है।
तथ्य एक नजर में
डिंडोरी में हाथी के हमले से महिला की मौत।
मृतका रामबाई यादव, ग्राम कोदवाडीह निवासी।
बोड़ला के बांकी क्षेत्र के आसपास चार हाथियों की मौजूदगी।
कवर्धा के स्नेहा अस्पताल में तेंदुआ पहुंचने की घटना।
तेंदुए का रेस्क्यू कर भोरमदेव अभयारण्य में छोड़ा गया।
सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा



