महाराज बंध तालाब में बनेगा आधुनिक जल शोधन संयंत्र

कवर्धा
योजना के तहत महाराज बंध तालाब स्थित पैठू क्षेत्र को मुख्य केंद्र बनाया गया है। यहां लगभग 7.50 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक जल शोधन संयंत्र (वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट) स्थापित किया जाएगा। छीरपानी जलाशय से पाइपलाइन के माध्यम से पानी लाकर संयंत्र में शुद्ध किया जाएगा और नई पाइपलाइन नेटवर्क के जरिए नगर के सभी वार्डों में घर-घर पेयजल आपूर्ति की जाएगी।
फोक नदी पर बनेगा 70 मीटर चौड़ा स्टॉप डेम
परियोजना के दूसरे चरण में फोक नदी पर करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से 70 मीटर चौड़ा एवं 4 मीटर ऊंचा स्टॉप डेम बनाया जाएगा। यह संरचना बरसाती पानी के बहाव को नियंत्रित कर अधिकतम जल संचयन सुनिश्चित करेगी। नदी में लंबे समय तक पानी ठहरने से भू-जल स्तर में वृद्धि होगी और गर्मी के दौरान सूखने वाले बोरवेलों को भी राहत मिलेगी।
किसानों को मिलेगा सिंचाई का लाभ
आर्किटेक्ट अजय साहू के अनुसार स्टॉप डेम बनने से आसपास के किसानों को वर्षभर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध रहेगा। नदी किनारे सब्जी एवं अन्य फसलों की खेती को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा बारिश के दौरान होने वाले मिट्टी कटाव पर भी प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा।
पुरानी योजना की सीमाओं को देखते हुए नई पहल
वर्तमान में भंडार ग्राम स्थित पोड़ी जलावर्धन योजना का ढांचा ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया था। इसकी क्षमता बोड़ला नगर की बढ़ती आबादी और भविष्य की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है। इसी कारण छीरपानी जलाशय आधारित नई जलापूर्ति व्यवस्था, आधुनिक ट्रीटमेंट प्लांट और फोक नदी पर स्टॉप डेम निर्माण की योजना तैयार की गई है, जिससे नगर को दीर्घकालिक एवं स्थायी जल समाधान मिल सकेगा।





