तेंदुए की दहशत के बीच कवर्धा में ‘नकली तेंदुए’ ने मचाई हलचल! कुत्ते को धब्बेदार रंग में रंगकर छोड़ा, रात में देखकर लोग सहमे
काली मंदिर के पास काली गार्डन में घूम रहे लोगों ने समझा तेंदुआ, डर के मारे वापस लौटने लगे लोग; बाद में पता चला कि वह कुत्ता है

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा में तेंदुए की दहशत अभी लोगों के मन से पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई है कि इसी बीच शहर में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने लोगों को कुछ देर के लिए फिर से दहशत में डाल दिया। काली मंदिर के पास काली गार्डन में रात के समय एक धब्बेदार जानवर घूमता दिखाई दिया। अंधेरे में उसकी शक्ल देखकर लोगों को लगा कि इलाके में तेंदुआ पहुंच गया है।
दरअसल, सामने आए घटनाक्रम के अनुसार एक कुत्ते को तेंदुए जैसी धब्बेदार शक्ल में रंगा गया था। रात के अंधेरे में जब यह कुत्ता काली गार्डन के आसपास घूमता नजर आया तो वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। तेंदुए की आशंका से गार्डन में घूम रहे कुछ लोग वापस लौटने लगे। लोगों को लगा कि कहीं शहर के बीचोंबीच तेंदुआ तो नहीं पहुंच गया।
हालांकि, कुछ देर बाद जब लोगों ने ध्यान से देखा तो पता चला कि वह कोई जंगली जानवर नहीं, बल्कि तेंदुए जैसे रंग-रूप वाला एक कुत्ता है। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
तेंदुए की दहशत के बीच ऐसी हरकत से बढ़ सकती है परेशानी
गौरतलब है कि कबीरधाम जिले में तेंदुए की मौजूदगी और उससे जुड़ी घटनाओं को लेकर पहले से ही लोगों में चिंता बनी हुई है। ऐसे माहौल में किसी कुत्ते को तेंदुए जैसी शक्ल में रंगकर सार्वजनिक स्थान पर छोड़ना लोगों के लिए भ्रम और भय की स्थिति पैदा कर सकता है।
सवाल यह है कि आखिर किसने कुत्ते को इस तरह रंगा और इसके पीछे क्या मंशा थी? यदि यह किसी की शरारत या मजाक है तो इसका असर उन लोगों पर पड़ सकता है, जो पहले से ही तेंदुए की आशंका के कारण सतर्क हैं।
मजाक अपनी जगह है, लेकिन वन्यजीवों की दहशत से जूझ रहे शहर में ऐसी हरकत लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।




