नाबालिग अपहरण व दुष्कर्म मामले में बड़ी कार्रवाई – आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता सुरक्षित बरामद

कवर्धा, 23 अप्रैल 2026।
जिला कबीरधाम में नाबालिग बालिका के अपहरण एवं दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा पीड़िता को सकुशल बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली कवर्धा की टीम ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुनियोजित अभियान चलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 22 जून 2025 को अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट थाना कोतवाली कवर्धा में दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 269/2025 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से संदेही के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) एवं लोकेशन का विश्लेषण किया गया। इसके आधार पर पुलिस टीम बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम अमेरा पहुंची, जहां से 21 अप्रैल 2026 को पीड़िता को आरोपी के कब्जे से सुरक्षित बरामद किया गया।
पीड़िता के बयान और साक्ष्यों के आधार पर मामले में दुष्कर्म सहित पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं। चिकित्सकीय परीक्षण में पीड़िता के गर्भवती होने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद डीएनए परीक्षण की अनुशंसा की गई है।
पुलिस ने आरोपी दीनानाथ साहू उर्फ दीनू (23 वर्ष), निवासी ग्राम कुची, थाना गिद्धपुरी, जिला बलौदाबाजार को 22 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया जारी है।
कबीरधाम पुलिस ने महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाते हुए सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है तथा आम नागरिकों से ऐसे मामलों में तत्काल सूचना देने की अपील की है।




