पारिवारिक रंजिश और शक ने ली महिला की जान, जेठ ने गला दबाकर कुल्हाड़ी से किया हमला
सहसपुर लोहारा पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त टंगिया और खून से सने कपड़े बरामद
सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा/सहसपुर लोहारा। कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव में पारिवारिक रंजिश और शक के चलते एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। महिला की हत्या का आरोप उसके ही जेठ देवसिंग निषाद पर है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर फरार आरोपी को गांव के पास नहर किनारे से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को ग्राम मोहगांव निवासी बीरसिंग निषाद ने थाना सहसपुर लोहारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी हेमलता निषाद की हत्या उसके बड़े भाई देवसिंग निषाद ने कर दी है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 47/2026 धारा 194 बीएनएसएस तथा अपराध क्रमांक 176/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
गला दबाने के बाद कुल्हाड़ी से किया हमला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में एसडीओपी अपूर्वा क्षत्रिय और थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एफएसएल टीम की मौजूदगी में घटनास्थल और शव के आसपास मिले खून, मृतिका की टूटी चूड़ियां तथा खून लगे कपड़ों को साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान आरोपी देवसिंग निषाद पर संदेह गहराया।
नहर किनारे छिपा था आरोपी
घटना के बाद आरोपी फरार होकर गांव के पास नहर किनारे छिप गया था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि वह सुबह अपने लिए रोटी बना रहा था। इसी दौरान हेमलता को गांव के एक युवक से इशारों में बातचीत करते देख वह नाराज हो गया। मना करने पर विवाद बढ़ा और महिला द्वारा जेल भेजने की धमकी देने की बात से गुस्से में आकर उसने पहले गला दबाया और बाद में कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी।
हत्या में प्रयुक्त टंगिया और कपड़े जब्त
पुलिस ने आरोपी देवसिंग निषाद (30 वर्ष), निवासी ग्राम मोहगांव, की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टंगिया तथा घटना के समय पहने हुए खून लगे शर्ट और हाफ पैंट बरामद कर जब्त किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में भी अपनी भाई-बहू हेमलता निषाद के साथ छेड़छाड़ के एक मामले में जेल जा चुका था।



