विविध

10.73 करोड़ के गौरवपथ में तकनीकी चूक! संकरी पाइप पुलिया बनी खतरा, तेज बारिश में जलभराव और हादसे की आशंका

कवर्धा। राजनांदगांव बाइपास (पिलारी नहर) से नवीन बाजार तक 10.73 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे गौरवपथ में निर्माण गुणवत्ता और तकनीकी निर्णयों पर सवाल उठने लगे हैं। निर्माणाधीन सड़क के बीच मुख्य नाले पर चौकोर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट के बजाय संकरी गोल पाइप पुलिया लगाकर उसे समतल कर दिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि तेज बारिश के दौरान यह पुलिया नाले के पानी का दबाव नहीं झेल पाएगी, जिससे जलभराव, आवागमन बाधित होने और दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका के अधिकारियों को मार्च-अप्रैल में ही इस तकनीकी कमी की जानकारी मिल गई थी और पाइप पुलिया के स्थान पर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट बनाने पर भी सहमति बनी थी। इसके बावजूद अब तक बदलाव नहीं किया गया। वर्तमान में निर्माण कार्य उसी पुलिया के साथ जारी है और बारिश के बीच इसकी उपयोगिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्ट्रीट लाइट नहीं, रात में अंधेरा
गौरवपथ निर्माण के दौरान सड़क किनारे 25 से अधिक बिजली खंभों की शिफ्टिंग की गई, लेकिन नए खंभों पर अब तक स्ट्रीट लाइटें नहीं लगाई गई हैं। इससे शाम होते ही सड़क के कई हिस्सों में अंधेरा छा जाता है और निर्माण सामग्री के बीच लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नाली निर्माण पर भी उठे सवाल
निर्माणाधीन गौरवपथ में नाली निर्माण को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। कई स्थानों पर नाली सीधी बनाने के बजाय तिरछी बनाई गई है, जबकि कुछ जगह ढाल और लेवल सही नहीं होने की बात कही जा रही है। निजी भूमि और मकानों के कारण कुछ हिस्सों में नाली का निर्माण अधूरा है।
दिसंबर 2026 तक पूरा होना है निर्माण
करीब दो किलोमीटर लंबे इस गौरवपथ का निर्माण 55 से 60 फीट चौड़ाई में किया जा रहा है। परियोजना की कुल लागत 10.73 करोड़ रुपए है और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बनने से शिवाजी कॉलोनी, रामनगर, शांतिदीप कॉलोनी और नवीन बाजार क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
विशेषज्ञ की राय
सिविल इंजीनियर भजराम पाटिल का कहना है कि गोल पाइप वाली पुलिया में पानी की निकासी सीमित होती है और बारिश के दौरान कचरा फंसने से यह आसानी से चोक हो सकती है। यदि निर्माण के दौरान डिजाइन में बदलाव की आवश्यकता महसूस हो जाए तो उसे तत्काल लागू करना चाहिए, क्योंकि बाद में बदलाव करने से दोबारा खुदाई, अतिरिक्त खर्च और परियोजना में देरी होती है।
नगर पालिका अध्यक्ष का पक्ष
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि फिलहाल बजट उपलब्ध नहीं होने के कारण पाइप पुलिया को यथावत रखा गया है। उन्होंने बताया कि गौरवपथ का निर्माण कार्य अभी जारी है और आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में इसे हटाकर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट बनाया जाएगा। वहीं, निजी भूमि के कारण अधूरे नाली निर्माण वाले हिस्सों में संबंधित लोगों से चर्चा की जा रही है।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button