विविध

स्नेहा अस्पताल में तेंदुआ कैसे पहुंचा? सरोदा कैनाल की ओर से आने का अंदेशा

महिला पर किया हमला, करीब पांच घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन; DFO बोले- भविष्य में ऐसी घटना रोकने आज होगी बैठक

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा। शहर के स्नेहा अस्पताल में तेंदुआ घुसने की घटना ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी। अस्पताल के महिला बाथरूम में छिपे तेंदुए ने बाथरूम की ओर जा रही एक महिला पर पंजे से हमला कर दिया। घटना में महिला घायल हुई, हालांकि उसकी हालत सामान्य बताई गई है। सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब पांच घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया।
तेंदुए को पकड़ने के लिए बिलासपुर के कानन पेंडारी से वन्यजीव चिकित्सक, हेल्पर और ड्राइवर की टीम भी पहुंची थी। रेस्क्यू के दौरान दोपहर करीब 2:55 बजे तेंदुए को डार्ट किया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
शारदा कैनाल की ओर से आया होने का अंदाजा
घटना को लेकर DFO निखिल अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि तेंदुआ शारदा कैनाल के पास से होकर अस्पताल की ओर पहुंचा होगा। हालांकि तेंदुआ किस रास्ते से अस्पताल परिसर में दाखिल हुआ, इसकी पूरी पुष्टि जांच और उपलब्ध CCTV फुटेज के आधार पर की जाएगी।
DFO के अनुसार आसपास के क्षेत्र में तेंदुए की आवाजाही और उसके अस्पताल तक पहुंचने के संभावित रास्ते को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
भविष्य में ऐसी घटना रोकने आज होगी बैठक
DFO ने बताया कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए आज बैठक कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। बैठक में घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और संवेदनशील क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही को देखते हुए आवश्यक कदम तय किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि तेंदुआ अस्पताल परिसर तक कैसे पहुंचा और आगे ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए किस तरह की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत है, इस संबंध में बैठक में विस्तार से चर्चा की जाएगी।
भोरमदेव अभयारण्य में छोड़ा गया तेंदुआ
रेस्क्यू के बाद तेंदुए को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार शाम करीब 6 बजे उसे भोरमदेव अभयारण्य क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
CCTV से सामने आएगा तेंदुए के प्रवेश का रास्ता
अब इस पूरी घटना में सबसे अहम कड़ी अस्पताल और आसपास के क्षेत्र का CCTV फुटेज माना जा रहा है। यदि फुटेज में तेंदुए की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं तो इससे यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि वह किस दिशा से अस्पताल परिसर में पहुंचा था।
स्नेहा अस्पताल में तेंदुए के पहुंचने की घटना ने शहर में वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब वन विभाग की आज होने वाली बैठक में लिए जाने वाले निर्णय पर लोगों की नजर रहेगी।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button