फर्जी वन अधिकार पट्टा बनाकर 2.10 लाख रुपये की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
झलमला पुलिस ने फर्जी दस्तावेज किए जब्त, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा। थाना झलमला पुलिस ने फर्जी वन अधिकार पट्टा तैयार कर ग्रामीणों से रकम वसूलने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर तीन ग्रामीणों से वन अधिकार पट्टा बनवाने के नाम पर कुल 2 लाख 10 हजार रुपये लेने और फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी दस्तावेजों की प्रतियां जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम अंजना निवासी पंछू सिंह धुर्वे ने थाना झलमला में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के ही राजेन्द्र धुर्वे ने उसके और उसकी पत्नी के नाम पर वन अधिकार पट्टा बनवाने का झांसा देकर 1 लाख रुपये लिए थे। आरोपी द्वारा दिया गया पट्टा लेकर जब वह केसीसी ऋण एवं खाद लेने के लिए सोसायटी पहुंचा, तब दस्तावेज के फर्जी होने की जानकारी सामने आई।
तीन लोगों से लिए थे 2.10 लाख रुपये
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी ने संतोष धुर्वे से 60 हजार रुपये तथा चमर सिंह कुशरे से 50 हजार रुपये भी वन अधिकार पट्टा बनवाने के नाम पर लिए थे। इस तरह आरोपी द्वारा तीन लोगों से कुल 2 लाख 10 हजार रुपये लिए जाने की बात सामने आई।
वन विभाग से सत्यापन में खुला फर्जीवाड़ा
पुलिस ने संबंधित वन अधिकार पट्टों का वन विभाग, कवर्धा से सत्यापन कराया। जांच में इन पट्टों का विभागीय रिकॉर्ड में कोई अस्तित्व नहीं मिला। दस्तावेजों को प्रथम दृष्टया फर्जी एवं कूटरचित पाया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र धुर्वे पिता छत्तर सिंह धुर्वे, उम्र 36 वर्ष, निवासी अंजना को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर फर्जी वन अधिकार पट्टा तैयार करना स्वीकार किया। आरोपी के पास रखे फर्जी दस्तावेजों की प्रतियां पुलिस ने जब्त कर लीं।
आरोपी को 3 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल कबीरधाम भेज दिया गया है। मामले में थाना झलमला में अपराध क्रमांक 14/2026 दर्ज कर धारा 318(4), 338 एवं 336(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कंसारी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक वसीम रजा कुरैशी, लुदुराम साहू तथा आरक्षक राजेंद्र धुर्वे एवं सुदर्शन की सराहनीय भूमिका रही।




