6 महीने भी नहीं टिक पाया 4 लाख का भवन: पहली बारिश में टपकी छत, दीवारों पर सीपेज ने खोली निर्माण की पोल

कवर्धा
चिल्फी घाटी। ग्राम पंचायत चिल्फी में करीब 4 लाख रुपए की लागत से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के तहत निर्मित अतिरिक्त कक्ष/सामुदायिक भवन पहली ही बारिश में बदहाल नजर आने लगा है। निर्माण पूरा होने के छह महीने भी नहीं हुए कि भवन की छत से पानी टपकने लगा, दीवारों पर सीपेज के बड़े-बड़े निशान उभर आए और एक खिड़की भी क्षतिग्रस्त हो गई। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत इस भवन का निर्माण कार्य 4 अगस्त 2025 को शुरू हुआ था और 13 दिसंबर 2025 को पूरा हुआ। लेकिन पहली ही बारिश में भवन की स्थिति खराब होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
पहली बारिश में खुली निर्माण की गुणवत्ता की पोल
बारिश के बाद भवन की दीवारों पर कई स्थानों पर पानी रिसने और नमी के स्पष्ट निशान दिखाई दे रहे हैं। नई इमारत में सीपेज और छत से पानी टपकने की स्थिति देखकर ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप हुआ होता तो इतनी जल्दी भवन में ऐसी समस्याएं सामने नहीं आतीं।
ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों ने भवन की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने और निर्माण में गुणवत्ता से समझौता पाए जाने पर संबंधित निर्माण एजेंसी व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई: सब इंजीनियर
जनपद पंचायत बोड़ला के सब इंजीनियर मनुतोष चंद्रवंशी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। वे मौके पर पहुंचकर भवन का निरीक्षण करेंगे। जांच में जो भी तकनीकी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




