पंडरिया में 61 पौवा अवैध शराब के साथ युवक और किशोर गिरफ्तार, संयुक्त पुलिस कार्रवाई में बाइक व मोबाइल भी जब्त

कवर्धा, 20 जून 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कबीरधाम पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना कबीरधाम एवं थाना पंडरिया की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 61 पौवा देशी प्लेन शराब के साथ एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत किशोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह धनेश्री के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी पंडरिया निरीक्षक अजय सिन्हा एवं साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर के नेतृत्व में संयुक्त टीम को 19 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 09 JP 7410 में अवैध शराब लेकर ग्राम पुसेरा की ओर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। जांच के दौरान आरोपी कृष कुमार भारतेंदु (19 वर्ष), निवासी घोघरापारा, पंडरिया तथा एक विधि से संघर्षरत किशोर के कब्जे से बिक्री के उद्देश्य से परिवहन की जा रही 61 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 10.980 बल्क लीटर है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4,880 रुपये मूल्य की शराब, लगभग 50 हजार रुपये मूल्य की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा 7 हजार रुपये कीमत का विवो मोबाइल फोन जब्त किया। कुल 61,880 रुपये की मशरूका जब्ती की गई है।
आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत थाना पंडरिया में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई तथा उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में साइबर थाना एवं थाना पंडरिया की संयुक्त टीम के सउनि संजीव कुमार तिवारी, सउनि मानिक सिन्हा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी





