विविध

कुकदूर पुलिस की पशु तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 5 भैंस सहित पिकअप जब्त

10 लाख रुपए की संपत्ति जब्त, तीन आरोपियों के खिलाफ पशु कृषक परिरक्षण अधिनियम व एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई

सीजीएन न्यूज़ | कुकदूर
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों और पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुकदूर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक परिवहन की जा रही 5 भैंसों को बरामद कर वाहन सहित कुल 10 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की।
बिना चारा-पानी के ले जा रहे थे मवेशी
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम अमलीटोला (बदना), कारीढाप रोड कुकदूर क्षेत्र में मवेशियों को पिकअप वाहन में बिना वैध दस्तावेज और उचित चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक कत्लखाने की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जांच की।
जांच के दौरान वाहन में 5 नग भैंस पाए गए। पुलिस ने मवेशियों को अपने कब्जे में लेकर वाहन को भी जब्त कर लिया।
तीन आरोपियों पर मामला दर्ज
मामले में जोहन सिंह मरावी (35), निवासी कारीढाप थाना कुकदूर, हीरापन्ना बघेल (38), निवासी परसाकांपा थाना लालपुर जिला मुंगेली तथा दुबेन्द्र धृतलहरे (30), निवासी देवरी थाना मुंगेली जिला मुंगेली के विरुद्ध थाना कुकदूर में अपराध क्रमांक 52/2026 दर्ज किया गया है।
आरोपियों के खिलाफ धारा 4, 6, 10 छत्तीसगढ़ पशु कृषक परिरक्षण अधिनियम, 2004 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
10 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 5 नग भैंस, जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपए तथा एक महेन्द्र बोलेरो पिकअप वाहन, जिसकी कीमत करीब 9 लाख रुपए है, जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई गई है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में उप निरीक्षक गोविंद चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, प्रधान आरक्षक संजू झारिया, आरक्षक दुजराम सिंद्राम, आरक्षक कृष्ण कुमार धुर्वे, आरक्षक पंचम बघेल, आरक्षक सुनील नायक एवं आरक्षक जगदीश मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि जिले में पशु तस्करी सहित अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button