बारात में विवाद बना हत्या का कारण: कबीरधाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम, 03 मई 2026।
जिला कबीरधाम में एक बारात कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की जान चली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं 3 विधि के विरुद्ध संघर्षरत किशोरों को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पण्डरिया भूपत सिंह धनैश्री के नेतृत्व में यह कार्रवाई थाना पण्डरिया क्षेत्र में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को ग्राम सरईसेत में एक बारात कार्यक्रम के दौरान विवाद उत्पन्न हो गया था। विवाद के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा मारपीट की गई, जिसमें मुकेश साहू (18 वर्ष), निवासी ग्राम चंदली, थाना नालपुर, जिला मुंगेली गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मामले में थाना लोरमी से प्राप्त मर्ग डायरी के आधार पर थाना पण्डरिया में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। पुलिस ने साक्ष्य संकलन, गवाहों के बयान, पहचान परेड एवं अन्य विधिक प्रक्रियाओं के माध्यम से आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं: लवेश कुमार धुर्वे (30 वर्ष), ओमप्रकाश उर्फ मोनू धुर्वे (19 वर्ष), नारायण सिंह धुर्वे (46 वर्ष), राहुल कुमार धुर्वे (22 वर्ष), अजय धुर्वे (23 वर्ष) तथा हरेन्द्र कुमार धुर्वे (20 वर्ष), सभी निवासी ग्राम सरईसेत, थाना पण्डरिया, जिला कबीरधाम।
विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरण्डम कथनों के आधार पर घटना में प्रयुक्त सामग्री भी जप्त कर ली गई है तथा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील:
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का पालन करें।



