कवर्धा: फोक नदी पुल के पास कार नदी में गिरी, 3 की मौत, 2 घायल — शादी में जा रहे थे सभी

कवर्धा |
कवर्धा जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पांडातराई थाना क्षेत्र अंतर्गत गंडई के पास फोक नदी पुल के समीप रात करीब 10 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, रायपुर के बीरगांव से एक कार में सवार होकर कुछ लोग शादी समारोह में शामिल होने पंडरिया जा रहे थे। जैसे ही वाहन फोक नदी पुल के पास मोड़ पर पहुंचा, चालक का नियंत्रण कार से हट गया और वाहन सीधे नदी में जा गिरा।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और पंडरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पांडातराई थाना प्रभारी कमलकांत शुक्ला के अनुसार, मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। परिजनों के पहुंचने के बाद ही उनकी शिनाख्त की जा सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।




