अवैध संबंध के विवाद में महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा, 02 मई 2026।
जिला कबीरधाम के थाना कुकदूर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रोकनी में एक महिला की संदिग्ध मृत्यु के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए हत्या की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सोनकली बैगा (22 वर्ष), पति जेठूराम बैगा, की 27 अप्रैल 2026 को जिला अस्पताल कवर्धा में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। प्रारंभिक रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई, जिसमें घटना स्थल थाना कुकदूर क्षेत्र का होने पर मर्ग कायम कर विस्तृत जांच की गई।
जांच के दौरान पता चला कि मृतिका का अपने पड़ोसी अर्जुन बैगा के साथ अवैध संबंध था। 21 अप्रैल 2026 को अर्जुन बैगा की पत्नी मंदाकिनी बैगा ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी मंदाकिनी बैगा ने आवेश में आकर बांस के डंडे से मृतिका पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घायल महिला को परिजनों द्वारा उपचार के लिए जिला अस्पताल कवर्धा में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मंदाकिनी बैगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अमित पटेल एवं एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। थाना प्रभारी संग्राम सिंह सहित कवर्धा एवं कुकदूर पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।




