विविध

अंतरिक्ष दिवस प्रतियोगिता में श्री रामकृष्ण पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन, प्रश्नोत्तरी में प्रथम व तृतीय स्थान पर कब्जा

कवर्धा। जिला शिक्षा अधिकारी कबीरधाम एवं इसरो के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रानी दुर्गावती चौक में अंतरविद्यालयीन पेंटिंग, चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना तथा अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में इसरो के वैज्ञानिकों सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अंतरिक्ष दिवस का आयोजन चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक सफलता एवं शिवशक्ति प्वाइंट पर विक्रम लैंडर की सफल सॉफ्ट लैंडिंग की उपलब्धि की स्मृति में किया गया।
प्रतियोगिता में श्री रामकृष्ण पब्लिक स्कूल, कवर्धा के 30 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंतरिक्ष विज्ञान पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यालय के आदित्य नारायण ने प्रथम तथा डिकेश चंद्रवंशी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में तृष्मिता कोसरिया ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर विद्यालय के निर्देशक डॉ. आदित्य चंद्रवंशी ने कहा कि विद्यार्थियों ने कम समय की तैयारी के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और वैज्ञानिक नवाचार की भावना को नई पहचान दिलाई है।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती एम. शारदा ने बताया कि विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्रतिदिन अंतरिक्ष विज्ञान एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न शामिल किए जाते हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम आज विद्यार्थियों की सफलता के रूप में सामने आया है। उन्होंने सभी प्रतिभागी एवं विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button