सिंगारपुर में खेत में मजदूरी करने गई महिला की हत्या, ईंट से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार

कवर्धा। सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगारपुर में खेत में मजदूरी करने गई एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 32 वर्षीय किरण वर्मा के रूप में हुई है। महिला गुरुवार सुबह घर से खेत में काम करने निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की तलाश के दौरान शाम करीब 6 बजे उसका लहूलुहान शव खेत में ट्यूबवेल शेड के पीछे मिला।
पुलिस के अनुसार महिला अपने साथ टिफिन, पानी का जरकिन और खेती का सामान लेकर खेत गई थी। यह सामान खेत की मेड़ पर सुरक्षित मिला, जबकि कुछ दूरी पर ट्यूबवेल शेड के पीछे वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थी। घटनास्थल पर खून से सनी दीवार और ईंट का टुकड़ा बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला के सिर और चेहरे पर ईंट से 8 से 10 बार वार किए गए, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
सुबह खेत गई, शाम को मिली लहूलुहान
मृतका के पति द्रोणाचार्य वर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी रोज की तरह सुबह करीब 7 बजे खेत में मजदूरी करने गई थी। वह स्वयं भी दूसरे गांव में मजदूरी के लिए चला गया था। शाम तक पत्नी के घर नहीं लौटने पर तलाश शुरू की गई, जिसके बाद खेत में उसके घायल होने की सूचना मिली।
हत्या का मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
सहसपुर लोहारा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जब्त कर जांच की जा रही है।
लूट नहीं, व्यक्तिगत रंजिश की आशंका
प्रारंभिक जांच में लूटपाट के कोई संकेत नहीं मिले हैं। महिला के गहने सुरक्षित मिले हैं और उसका अन्य सामान भी घटनास्थल पर मौजूद था। ऐसे में पुलिस हत्या के पीछे व्यक्तिगत विवाद, पुरानी रंजिश या अन्य कारणों की संभावना को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया
जानकारी के अनुसार किरण वर्मा का विवाह वर्ष 2015 में द्रोणाचार्य वर्मा से हुआ था। दंपती के दो बच्चे हैं। पति राजमिस्त्री का कार्य करते हैं, जबकि परिवार की आर्थिक मदद के लिए किरण खेतों में मजदूरी करती थीं। उनकी हत्या से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।


