देशभक्ति गीतों से आरपीएस में गूंजा राष्ट्रप्रेम का स्वर

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व शनिवार की प्रतियोगिताओं की कड़ी में श्री रामकृष्ण पब्लिक स्कूल में सामूहिक देशभक्ति गीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के भाव से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के डायरेक्टर डॉ. आदित्य चन्द्रवंशी ने स्वतंत्रता सेनानियों के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने “मेरा करमा तू, मेरा धरमा तू”, “ऐ मेरी ज़मीं”, “ऐ मेरे वतन के लोगों”, “है प्रीत जहां की रीत सदा” और “भारत हमको जान से प्यारा है” जैसे अनेक देशभक्ति गीतों की सामूहिक प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर में घंटों तक देशभक्ति का माहौल बना रहा।
प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती एम. शारदा एवं संगीत शिक्षक श्री जगन्नाथ सिन्हा उपस्थित रहे। विभिन्न आयु वर्गों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कक्षा 9वीं से 12वीं वर्ग में संस्कृति सदन ने प्रथम, रीति सदन ने द्वितीय तथा संस्कार सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 3रीं से 5वीं वर्ग में संस्कार सदन प्रथम, परम्परा सदन द्वितीय और रीति सदन तृतीय रहा। इसी प्रकार कक्षा 1लीं से 2रीं वर्ग में रीति हाउस प्रथम, परम्परा हाउस द्वितीय और संस्कृति हाउस तृतीय स्थान पर रहा। नर्सरी से यूकेजी वर्ग में संस्कार सदन प्रथम, परम्परा सदन द्वितीय तथा रीति सदन तृतीय स्थान पर रहे।
सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए प्राचार्या श्रीमती एम. शारदा ने कहा कि संगीत भावों की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर को अविस्मरणीय और गरिमामय बनाने के लिए विद्यालय परिवार संकल्पित है।


