विविध
जमशेदपुर तक पहुंची कबीरधाम पुलिस, तरेगांव जंगल डकैती कांड में अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार
11.9 किलो चांदी के जेवर, 1.124 किलो गली हुई चांदी और नकदी बरामद; लूटे गए जेवर खरीदने और गलाने वाले दो आरोपी भी गिरफ्तार

कवर्धा। तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र के ग्राम दुर्जनपुर मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास सराफा व्यवसायी से हुई डकैती के मामले में कबीरधाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले की जांच का दायरा बिलासपुर से बढ़ाकर झारखंड के जमशेदपुर तक पहुंचाया और लूटे गए चांदी के जेवर खरीदने तथा उन्हें गलाने में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है।
एसपी के निर्देशन में कई टीमों ने की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल और अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में पूरी कार्रवाई की गई। इस अभियान में साइबर टीम, तरेगांव जंगल थाना सहित बोड़ला, पंडरिया, पांडातराई और कुकदूर थाना की टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




