ट्रकों के स्टेयरिंग में फंसे दो घायलों को डायल-112 ने रेस्क्यू कर बचाई जान
स्टेयरिंग रॉड काटकर दोनों चालकों को निकाला बाहर, 108 के नहीं पहुंचने पर डायल-112 से अस्पताल पहुंचाया

सीजीएन न्यूज़ | कबीरधाम
कबीरधाम जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दो ट्रक चालकों के स्टेयरिंग में फंस जाने के बाद डायल-112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों का रेस्क्यू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने स्टेयरिंग रॉड काटकर दोनों चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को डायल-112 चिल्फी पैंथर-1 टीम को C4 से ग्राम राजा डार में सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हुई थी। हादसे में ट्रक चालक मुकेश सिंह विश्वकर्मा, जो जबलपुर से रायपुर जा रहे थे, तथा शिवम चौरसिया, जो रायगढ़ से छतरपुर की ओर जा रहे थे, दोनों ट्रकों के स्टेयरिंग में फंस गए थे।
स्टेयरिंग रॉड काटकर निकाला बाहर
हादसे की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 स्टाफ ने थाना चिल्फी पुलिस टीम की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद स्टेयरिंग रॉड को काटकर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दोनों घायल अवस्था में थे। इस दौरान मौके पर 108 एंबुलेंस के नहीं पहुंच पाने की स्थिति में डायल-112 टीम ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को अपने वाहन से सीएचसी बोडला पहुंचाया, जहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
डायल-112 टीम की सराहनीय भूमिका
रेस्क्यू और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में डायल-112 टीम के आरक्षक क्रमांक 886 गंगाराम धुर्वे एवं चालक मुकेश दास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस के अनुसार, डायल-112 सेवा आपात परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ जरूरतमंद नागरिकों की सुरक्षा और जीवन रक्षा के लिए तत्परता से कार्य कर रही है।




