कवर्धा में 20 मई को मेडिकल स्टोर्स बंद, दवा व्यापारियों ने किया समर्थन का ऐलान

ब्रजेश गुप्ता
कवर्धा। अखिल भारतीय औषधि विक्रेता संगठन (AIOCD) के आह्वान पर 20 मई 2026, बुधवार को कवर्धा सहित पूरे देश में केमिस्ट एवं मेडिकल स्टोर्स बंद रहेंगे। दवा व्यापारियों ने इस बंद को दवा व्यवसाय और मरीजों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए आवश्यक कदम बताया है।
कवर्धा के मेडिकल स्टोर संचालकों और दवा व्यापारियों के अनुसार, ऑनलाइन दवाओं की बिक्री तथा बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा भारी छूट दिए जाने से छोटे और पारंपरिक मेडिकल स्टोर्स पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि इससे स्थानीय दवा व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और छोटे व्यापारियों के सामने रोज़गार का संकट उत्पन्न हो रहा है।
संगठन ने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने, कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा दिए जा रहे अत्यधिक डिस्काउंट सिस्टम को बंद करने तथा नकली और अवैध दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही केंद्र सरकार से जीएसआर 817 (28 अगस्त 2018) एवं कोविड जीएसआर 220 (26 मार्च 2020) को वापस लेने की भी मांग उठाई गई है।
दवा व्यापारियों का कहना है कि बिना उचित निगरानी के ऑनलाइन दवा बिक्री मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उनका मानना है कि स्थानीय मेडिकल स्टोर्स न केवल दवाएं उपलब्ध कराते हैं, बल्कि मरीजों को सही मार्गदर्शन, परामर्श और जिम्मेदार सेवाएं भी प्रदान करते हैं।
इस बंद का असर कवर्धा में मेडिकल स्टोर्स और दवा वितरण सेवाओं पर देखने को मिल सकता है। हालांकि, संगठन ने आम नागरिकों और मरीजों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर उचित व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा।





