18 महीने के कार्यकाल में विकास की नई तस्वीर, करीब 100 करोड़ के काम धरातल पर
नगर पालिका अध्यक्ष सीपी चंद्रवंशी से विशेष बातचीत में विकास, स्वच्छता और आगामी योजनाओं पर खुलकर चर्चा

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी के 18 महीने के कार्यकाल को लेकर शहर के विकास, बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और आगामी योजनाओं पर विशेष चर्चा हुई। अध्यक्ष ने बताया कि नगर के विकास को गति देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में बड़े स्तर पर निर्माण कार्य कराए गए हैं, जबकि कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर अभी काम जारी है।
प्रमुख विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च
अध्यक्ष के अनुसार शहर में अधोसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए जा चुके हैं। इनमें नया बस स्टैंड करीब 10.30 करोड़ रुपये, गोटिया रोड से जुनवानी तक सड़क निर्माण करीब 4.30 करोड़ रुपये, पुराना बाईपास निर्माण, चौपाटी करीब 64 लाख रुपये, हनुमंत वाटिका एवं वॉकिंग ट्रैक करीब सवा करोड़ रुपये तथा शिवाजी चौक का करीब 41 लाख रुपये का विकास कार्य प्रमुख हैं।
इसके अलावा बूढ़ा महादेव क्षेत्र में डोम-कम्युनिटी भवन के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराया गया है। अध्यक्ष का कहना है कि शहर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।
शहर की तस्वीर बदलने वाली परियोजनाओं पर काम जारी
नगर में कई ऐसी परियोजनाएं भी चल रही हैं, जिनसे आने वाले समय में शहर की सूरत और सुविधाओं में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। भारत माता चौक से समनापुर तक बीटी रोड निर्माण, नालंदा परिसर, सिटी स्क्वायर तथा जनपद पंचायत चौक से भारत माता चौक तक सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं।
अध्यक्ष ने बताया कि अब तक शहर में लगभग 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य हो चुके हैं, जबकि आने वाले समय में करोड़ों रुपये के अन्य कार्य प्रस्तावित और निर्माणाधीन हैं।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी बनाई जा रही नई कार्ययोजना
विशेष चर्चा के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था भी प्रमुख मुद्दा रही। अध्यक्ष ने बताया कि स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नई योजनाएं तैयार की जा रही हैं। नगर के सभी वार्डों तक स्वच्छता व्यवस्था को पहुंचाने और नियमित निगरानी के साथ सफाई कार्य को प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए केवल नगरपालिका की जिम्मेदारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। इसके लिए लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
आगे भी जारी रहेगा विकास का सिलसिला
सीपी चंद्रवंशी ने कहा कि 18 महीने के कार्यकाल में विकास कार्यों की मजबूत नींव रखी गई है। सड़क, यातायात, सौंदर्यीकरण, मनोरंजन, शिक्षा और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले समय में अधूरे कार्यों को पूरा करने के साथ नई जरूरतों के अनुरूप योजनाएं तैयार की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि शहर के विकास को केवल निर्माण कार्यों तक सीमित न रखते हुए नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना नगरपालिका की प्राथमिकता है। आने वाले वर्षों में शहर को और अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में काम जारी रहेगा।




