चिल्फी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रक के गुप्त चेंबर से 407 किलो गांजा बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
2 करोड़ 3 लाख रुपये से अधिक कीमत का गांजा जब्त, तस्करी के लिए कंटेनर में बनाया था विशेष गोपनीय चेंबर; कुल 2.29 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त

कवर्धा। कबीरधाम जिले में मादक पदार्थों की तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। उड़ीसा से उत्तरप्रदेश तक गांजा पहुंचाने के लिए तस्करों ने कंटेनर ट्रक में बाकायदा विशेष गोपनीय चेंबर बना रखा था। लेकिन चिल्फी पुलिस की सतर्कता के सामने तस्करों की यह चालाकी काम नहीं आई। पुलिस ने एनएच-30 पर घेराबंदी कर कंटेनर ट्रक की तलाशी ली तो ड्राइवर सीट के ऊपर बने गुप्त चेंबर से 192 पैकेटों में छिपाकर रखा गया 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
इस मामले में उत्तरप्रदेश के दो अंतरराज्यीय तस्कर राजू यादव (27 वर्ष) और विकास यादव (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपये बताई गई है। वहीं कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन सहित कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
गुप्त चेंबर में छिपा रखा था 192 पैकेट गांजा
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि PADHAN लिखा हुआ एक कंटेनर ट्रक भारी मात्रा में गांजा लेकर रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते मध्यप्रदेश की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एनएच-30 पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
कुछ ही देर में संदिग्ध कंटेनर ट्रक घाटी की ओर से पहुंचा। पुलिस ने वाहन रोककर तलाशी ली तो ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए विशेष गोपनीय चेंबर का खुलासा हुआ। चेंबर के भीतर खाकी टेप से लिपटे 192 पैकेट मिले। जांच और वजन करने पर इनमें कुल 407 किलो 330 ग्राम गांजा पाया गया।
उड़ीसा से अलीगढ़ तक फैला था तस्करी का रास्ता
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 17 नवंबर को अलीगढ़ से कंटेनर लेकर निकले थे। 21 नवंबर को उड़ीसा के सुनकीघाटी में ट्रक के गुप्त चेंबर में गांजा भरवाया गया था। इसके बाद वे गांजा लेकर उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ जा रहे थे। पुलिस अब गांजा सप्लाई करने वाले व्यक्तियों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
2.29 करोड़ का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 407 किलो 330 ग्राम गांजा, 26 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और 10 हजार रुपये कीमत का रेडमी मोबाइल फोन जब्त किया है। कुल जब्ती की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 30/2026 के तहत धारा 20(B)(ii)(C) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज किया गया है। दोनों को 24 नवंबर को विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी प्रशांत देवांगन के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। इसमें थाना प्रभारी निरीक्षक बीरेंद्र वर्मा, एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान सहित चिल्फी पुलिस एवं एएनटीएफ टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि उड़ीसा से गांजा की इतनी बड़ी खेप किसने उपलब्ध कराई और इस अंतरराज्यीय नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं? पुलिस इस पूरे नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।
सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा




