एक गलत स्विच ने बुझा दिया घर का इकलौता चिराग, 11 केवी लाइन की चपेट में आकर लाइनमैन की मौत
भलपहरी में बिजली सुधारने पहुंचा था मानक पटेल, शटडाउन की सूचना के बावजूद लाइन में दौड़ता रहा करंट; ऑपरेटर की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल

कवर्धा। बिजली विभाग की एक कथित लापरवाही ने एक युवा परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस बिजली लाइन को सुरक्षित मानकर लाइनमैन मरम्मत करने खंभे पर चढ़ा था, उसी लाइन में 11 हजार वोल्ट का करंट दौड़ता रहा। नतीजा यह हुआ कि 26 वर्षीय लाइनमैन मानक पटेल की करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद बिजली विभाग की शटडाउन व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामला पांडातराई बिजली वितरण केंद्र के अंतर्गत ग्राम भलपहरी का है। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे ग्राम भलपहरी निवासी मानक पिता जगेशर पटेल 11 केवी लाइन के खंभे पर खराब डीओ सुधारने पहुंचा था। काम शुरू करने से पहले उसने विभागीय कार्यालय से भलपहरी गांव का शटडाउन मांगा था। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद ऑपरेटर ने भलपहरी के बजाय दूसरे गांव कुसुमघटा का स्विच बंद कर दिया।
इस गंभीर चूक के कारण भलपहरी की बिजली लाइन में सप्लाई बंद नहीं हुई। मानक को इस बात की जानकारी नहीं थी कि जिस लाइन पर वह काम करने जा रहा है, उसमें करंट प्रवाहित हो रहा है। जैसे ही वह खंभे पर चढ़कर सुधार कार्य करने लगा, 11 केवी करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल कवर्धा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, आखिर किस स्तर पर हुई चूक?
इस हादसे ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शटडाउन मांगने और स्विच बंद करने की प्रक्रिया में गांव और फीडर की सही पहचान क्यों नहीं की गई? क्या लाइनमैन को काम शुरू करने से पहले शटडाउन की पुष्टि दी गई थी? क्या लाइन को सुरक्षित बनाने के लिए अर्थिंग और अन्य सुरक्षा उपाय अपनाए गए थे? इन सवालों का जवाब विभागीय जांच से ही सामने आएगा।
परिवार का इकलौता सहारा था मानक
मानक पटेल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने माता-पिता और छोटे भाई का सहारा था। उसकी शादी हो चुकी थी और एक छोटी बच्ची भी है। परिवार की आजीविका का प्रमुख आधार मानक ही था। अब उसकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। परिजनों ने उचित आर्थिक मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विभाग ने दिए जांच के निर्देश
पंडरिया डिवीजन के कार्यपालन अभियंता केके झा ने बताया कि घटना की विभागीय जांच के लिए सब-स्टेशन के एई आशीष सोनी को निर्देशित किया गया है। जांच में घटना के समय ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर, शटडाउन रजिस्टर, स्विच संचालन और बिजली आपूर्ति बंद किए जाने की प्रक्रिया सहित सभी संबंधित पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
सबसे बड़ा सवाल: क्या ऐसी चूक दोबारा नहीं होगी?
बिजली विभाग में शटडाउन केवल एक औपचारिक सूचना नहीं, बल्कि लाइन पर काम करने वाले कर्मचारी की जिंदगी की सुरक्षा से जुड़ी प्रक्रिया है। सही फीडर बंद करना, सप्लाई बंद होने की पुष्टि करना और अर्थिंग सहित सुरक्षा मानकों का पालन करना बेहद जरूरी है। मानक पटेल की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि यदि सुरक्षा प्रक्रिया में छोटी-सी गलती भी किसी कर्मचारी की जान ले सकती है, तो जिम्मेदारी तय करने में देरी क्यों होनी चाहिए?
अब देखना होगा कि विभागीय जांच केवल कागजों तक सीमित रहती है या वास्तव में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय कर पीड़ित परिवार को न्याय मिलता है।
सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा




