1751 में स्थापित कवर्धा रियासत का रहा गौरवशाली इतिहास, आज भी राजमहल में जीवित है राजशाही की विरासत
ब्रिटिशकाल में अलग रियासत के रूप में थी पहचान, 1948 में भारतीय संघ में हुआ विलय; राजपरिवार और ऐतिहासिक धरोहर आज भी आकर्षण का केंद्र

ब्रजेश गुप्ता
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले का मुख्यालय कवर्धा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण स्थान रखता है। आज का कवर्धा कभी एक रियासत के रूप में अपनी अलग पहचान रखता था। इसका इतिहास 18वीं सदी से जुड़ा हुआ है। ऐतिहासिक जिला जनगणना पुस्तिका के अनुसार कवर्धा रियासत की स्थापना वर्ष 1751 में महाबली सिंह ने की थी। ब्रिटिश शासनकाल में यह मध्य प्रांत की रियासतों में शामिल थी।
ब्रिटिशकाल में थी अलग पहचान
कवर्धा रियासत का शासन राजपरिवार के अधीन संचालित होता था। ब्रिटिशकालीन इम्पीरियल गजेटियर में कवर्धा रियासत के क्षेत्रफल, जनसंख्या, प्रशासन, खेती-किसानी और यहां के सामाजिक जीवन का उल्लेख मिलता है। वर्ष 1901 के आसपास रियासत की आबादी 57,474 दर्ज की गई थी। उस दौर में यहां के लोगों का मुख्य व्यवसाय कृषि और वनोपज पर आधारित था।3
1939 में बना भव्य कवर्धा राजमहल
कवर्धा की ऐतिहासिक पहचान में राजमहल का विशेष स्थान है। महाराजा धर्मराज सिंह के समय वर्ष 1930 से 1939 के बीच इसका निर्माण कराया गया। महल की वास्तुकला में भारतीय और यूरोपीय शैली का सुंदर मिश्रण देखने को मिलता है। विशाल दरबार हॉल, गुंबद, संगमरमर और आकर्षक गलियारे उस समय की राजशाही वैभव की कहानी बयां करते हैं।
1948 में रियासत का हुआ भारतीय संघ में विलय
देश की आजादी के बाद रियासतों के एकीकरण की प्रक्रिया के तहत वर्ष 1948 में कवर्धा रियासत का भारतीय संघ में विलय हुआ। इसके बाद यहां राजशाही प्रशासन की व्यवस्था समाप्त हो गई और यह क्षेत्र आधुनिक प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा बन गया।
इतिहास को संजोने की जरूरत
आज कवर्धा का राजमहल केवल एक ऐतिहासिक इमारत नहीं, बल्कि जिले की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली अतीत का प्रतीक है। जरूरत है कि कवर्धा रियासत के पुराने दस्तावेजों, राजपरिवार की ऐतिहासिक तस्वीरों, पुराने नक्शों और राजशाही दौर की यादों को संकलित कर सुरक्षित रखा जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने क्षेत्र के इतिहास से परिचित हो सकें।
सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा





