कबीरधाम को मिली मोबाइल फॉरेंसिक वैन की सौगात, वैज्ञानिक जांच को मिलेगी नई रफ्तार

कवर्धा -: विष्णुदेव साय एवं विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से कबीरधाम जिले को अत्याधुनिक “सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट” अंतर्गत मोबाइल फॉरेंसिक वैन की सौगात मिली है। इस आधुनिक वाहन का शुभारंभ 23 मई 2026, शनिवार को सुबह 11 बजे क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला परिसर, जनपद कॉम्पलेक्स, कवर्धा में किया जाएगा।
क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला कवर्धा एवं जिला पुलिस कबीरधाम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से जिले में वैज्ञानिक जांच व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन गृह (पुलिस) विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई यह मोबाइल फॉरेंसिक वैन घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक परीक्षण, भौतिक साक्ष्य संग्रहण तथा त्वरित जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अत्याधुनिक वाहन के जरिए पुलिस टीम घटनास्थल पर तुरंत पहुंचकर आवश्यक साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन कर सकेगी। इससे अपराध अनुसंधान प्रक्रिया में तेजी आएगी, जांच में पारदर्शिता बढ़ेगी और अपराधों के त्वरित निराकरण में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा प्रदेश में आधुनिक पुलिसिंग एवं वैज्ञानिक अनुसंधान प्रणाली को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में कबीरधाम जिले को यह बड़ी सौगात मिली है, जिससे जिले में अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता और दक्षता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
प्रशासन के अनुसार, मोबाइल फॉरेंसिक वैन “न्याय की ओर एक सशक्त कदम” साबित होगी और आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपराध नियंत्रण एवं न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाएगी।





