अवैध नल कनेक्शन अब 5 हजार में होंगे नियमित
आवासीय के लिए 5 हजार और व्यवसायिक कनेक्शन के लिए 10 हजार रुपए एकमुश्त शुल्क, 15 अक्टूबर तक विशेष अभियान

CGN News | कवर्धा
नगर पालिका परिषद कवर्धा ने शहर में वर्षों से संचालित अवैध नल कनेक्शनों को नियमित कराने के लिए नागरिकों को बड़ी राहत दी है। परिषद की बैठक में स्वीकृति के बाद 16 अगस्त से 15 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाकर अवैध नल कनेक्शनों का नियमितीकरण किया जाएगा। अभियान के दौरान आवासीय अवैध नल कनेक्शन को 5 हजार रुपए तथा व्यवसायिक कनेक्शन को 10 हजार रुपए एकमुश्त जमा कर वैध कराया जा सकेगा।
नगर पालिका के इस निर्णय से लंबे समय से अवैध रूप से संचालित नल कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को कम शुल्क में कनेक्शन नियमित कराने का अवसर मिलेगा। वहीं, सभी कनेक्शनों को नगर पालिका के रिकॉर्ड में शामिल करने से जलकर वसूली और जलापूर्ति व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
अवैध कनेक्शनों का होगा नियमितीकरण : चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे नल कनेक्शन संचालित हैं, जो नगर पालिका के रिकॉर्ड में विधिवत दर्ज नहीं हैं। इससे जलकर राजस्व की वसूली प्रभावित होने के साथ जलापूर्ति व्यवस्था के प्रबंधन में भी कठिनाई होती है।
उन्होंने बताया कि परिषद की बैठक में इस विषय पर चर्चा के बाद शहरवासियों को विशेष अवसर देने का निर्णय लिया गया है। निर्धारित दो माह की अवधि में कम शुल्क पर अवैध नल कनेक्शनों को नियमित कराने की स्वीकृति परिषद ने सर्वसम्मति से दी है।
15 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान : सीएमओ
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नारायण साहू ने बताया कि विशेष अभियान के तहत 16 अगस्त से 15 अक्टूबर तक आवासीय कनेक्शन के लिए 5 हजार और व्यवसायिक कनेक्शन के लिए 10 हजार रुपए जमा कर नियमितीकरण कराया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद अवैध कनेक्शन नियमित कराने पर दोगुना शुल्क देना होगा। इसके तहत आवासीय कनेक्शन के लिए 10 हजार रुपए और व्यवसायिक कनेक्शन के लिए 20 हजार रुपए शुल्क निर्धारित रहेगा।
इन दस्तावेजों के साथ करना होगा आवेदन
अवैध नल कनेक्शन के नियमितीकरण के लिए आवेदक को आधार कार्ड, राशन कार्ड, स्वामित्व संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। इनमें संपत्तिकर/समेकित कर रसीद, पट्टा, स्टाम्प आदि दस्तावेज शामिल हैं। इसके अलावा 50 रुपए के स्टाम्प पेपर पर निर्धारित प्रपत्र में आवेदन करना होगा।
आवेदन नगर पालिका कार्यालय के कक्ष क्रमांक 22 में जमा किया जा सकेगा। इसी दौरान निर्धारित एकमुश्त राशि भी जमा करनी होगी।
नगर पालिका ने की अपील
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए 15 अक्टूबर 2026 से पहले अपने अवैध नल कनेक्शन को नियमित करा लें। निर्धारित अवधि के बाद दोगुना शुल्क देना पड़ेगा। समय पर नियमितीकरण कराने से उपभोक्ता भविष्य में अतिरिक्त शुल्क और अन्य प्रशासनिक कार्रवाई से भी बच सकेंगे।





