महिला आरक्षण बिल पर सियासत तेज: भाजपा जिलाध्यक्ष ने विपक्ष पर साधा निशाना

कवर्धा। महिला आरक्षण बिल को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है। इस मुद्दे पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह बिल एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम था, लेकिन विपक्ष ने अपनी नकारात्मक सोच और राजनीतिक स्वार्थ के चलते इसे पारित नहीं होने दिया। उनके अनुसार, यह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि देश की महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय भी है।
राजेंद्र चंद्रवंशी ने विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष सिर्फ दिखावे के लिए महिलाओं के अधिकारों की बात करता है, जबकि वास्तविकता में वह महिलाओं को उनका हक दिलाने के पक्ष में नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इस दिशा में लगातार प्रयास करती रहेगी।
अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे मुद्दों पर जागरूक रहें और सच्चाई को समझकर सही निर्णय लें।




