विविध

हार्डवेयर दुकान में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी अभिरक्षा में

दुकान का ताला और पीछे का दरवाजा तोड़कर उड़ाए थे हार्डवेयर सामान व 1.80 लाख रुपये नगद साइबर सेल और सहसपुर लोहारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 3.24 लाख रुपये की संपत्ति बरामद

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में हार्डवेयर दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सामान सहित कुल 3 लाख 24 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक कबीरधाम और दूसरा बेमेतरा जिले का निवासी है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं।
दुकान बंद होने के बाद दिया था चोरी को अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी देवेंद्र जायसवाल (31 वर्ष), निवासी खड़ौदा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 9 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 6:30 बजे उड़िया खुर्द स्थित अपनी श्री जगदीश ट्रेडर्स हार्डवेयर दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन 10 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे जब वह दुकान पहुंचा तो पीछे का दरवाजा टूटा हुआ मिला। दुकान की जांच करने पर सबमर्सिबल मोटर, 10 सीलिंग पंखे, 7 एग्जॉस्ट पंखे, 60 एमसीबी, 4 कूलर मोटर, अन्य छोटे सामान तथा काउंटर में रखे 1 लाख 80 हजार रुपये नगद गायब मिले।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले में थाना सहसपुर लोहारा में अपराध क्रमांक 163/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना सहसपुर लोहारा और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग अभिरक्षा में
पुलिस ने चोरी की घटना में संलिप्त आरोपी नारायण टण्डन (31 वर्ष), निवासी घुघरीकला तथा राजेश साहू (40 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 15, ग्राम सिंघौरी, जिला बेमेतरा को गिरफ्तार किया है। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
3.24 लाख रुपये की संपत्ति बरामद
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 2 सीलिंग पंखे, 2 एग्जॉस्ट पंखे, 28 एमसीबी, 4 कूलर मोटर, एक स्कूटी, एक एमपी साइन गोल्ड मोटरसाइकिल, एक कम्प्रेशर मशीन, एक लोहे का सब्बल, एक लोहे की कटर मशीन, एक क्षतिग्रस्त टीवी तथा 24 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये बताई गई है। नगदी सहित कुल 3 लाख 24 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
पुलिस के अनुसार आरोपी नारायण टण्डन के विरुद्ध थाना कवर्धा, पिपरिया और बोड़ला में पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी राजेश साहू और अभिरक्षा में लिए गए विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी थाना बोड़ला में चोरी के प्रकरण पंजीबद्ध होना पाया गया है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
दोनों गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय कबीरधाम में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।
इन अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल एवं अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अपूर्वा क्षत्रिय और एसडीओपी अजाक/क्राइम प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देश में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर सहित साइबर सेल एवं सहसपुर लोहारा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button