मवेशियों को क्रूरतापूर्वक परिवहन करते पकड़ा, वाहन सहित 18 मवेशी बरामद

CGN News | चिल्फी
चिल्फी पुलिस ने मवेशियों के अवैध एवं क्रूरतापूर्वक परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आईसर वाहन से 18 नग मवेशियों को बरामद किया है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है। बरामद मवेशियों में भैंसा एवं भैंसी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार 19 अगस्त को ग्राम चिल्फी निवासी सुरेन्द्र कुमार उर्फ चंदन झारिया अपने दो साथियों राजकुमार भाषन एवं दुर्गेश झारिया के साथ रेंगाखार तिराहा के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें आईसर वाहन क्रमांक UP-81-FT-2375 मवेशियों से भरा हुआ दिखाई दिया। तीनों ने वाहन का पीछा कर आबकारी चेक पोस्ट, चिल्फी नेशनल हाईवे के पास उसे रुकवाया।
वाहन की जांच करने पर उसमें 18 नग मवेशी ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले। पुलिस के मुताबिक मवेशियों को पर्याप्त चारा, भूसा और पानी उपलब्ध कराए बिना अत्यंत निर्दयता एवं क्रूरतापूर्वक परिवहन किया जा रहा था।
पूछताछ में वाहन में मौजूद लोगों ने अपना नाम वीरेन्द्र बघेल निवासी थाना हाथरस, जिला हाथरस (उत्तरप्रदेश), इसरार कुरैशी निवासी थाना शाहपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तरप्रदेश) एवं राजेश कुमार निवासी थाना विजयगढ़, जिला अलीगढ़ (उत्तरप्रदेश) बताया।
प्रार्थी के लिखित आवेदन के आधार पर थाना चिल्फी में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने वाहन एवं मवेशियों को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा है कि पशुओं के अवैध परिवहन, पशु क्रूरता एवं तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
कार्रवाई में थाना प्रभारी चिल्फी निरीक्षक बीरेंद्र वर्मा के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक बीरबल साहू एवं थाना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




