विविध

कर्रानाला में बाढ़ से रपटा-पुलिया बही, भोरमदेव मार्ग बंद 8 साल से कागजों में अटकी पक्की पुलिया, बाढ़ में फंसे भोरमदेव जा रहे कांवड़िए

CGN News | कवर्धा
कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र में तेज बारिश के बाद बड़ौदा खुर्द के पास कर्रानाला में अचानक बाढ़ आ गई। तेज बहाव के कारण सहसपुर लोहारा-सरोदा बांध होते हुए भोरमदेव जाने वाले मार्ग की रपटा-पुलिया बह गई। सड़क का बीच का हिस्सा पूरी तरह टूट जाने से मार्ग पर आवाजाही बंद हो गई है। सावन के चलते भोरमदेव मंदिर जा रहे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई कांवड़िए रास्ते में फंस गए और जान जोखिम में डालकर बाढ़ के पानी को पैदल पार करना पड़ा।
2017-18 में स्वीकृत हुए थे 18 लाख रुपए
ग्रामीणों के अनुसार कर्रानाला पर पक्की पुलिया निर्माण के लिए वर्ष 2017-18 में करीब 18 लाख रुपए स्वीकृत किए गए थे। इसके बावजूद आठ साल बीतने के बाद भी निर्माण नहीं हो सका। हर बारिश में रपटा डूबने और बहने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर पक्की पुलिया का निर्माण हो जाता तो हर साल रास्ता बंद होने की समस्या नहीं आती।
बारिश में हर साल कट जाता है संपर्क
सरोदा बांध से लगे केसदा गांव होते हुए बड़ौदा खुर्द जाने वाला यह मार्ग आसपास के गांवों के लिए महत्वपूर्ण है। कर्रानाला में पानी बढ़ते ही आवागमन प्रभावित हो जाता है। लगातार बारिश के कारण इस बार भी स्थिति गंभीर हो गई है। रपटा बहने से भोरमदेव जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी रास्ता जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से रपटा स्थल पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था करने, आवागमन के लिए जरूरी वैकल्पिक इंतजाम करने और लंबे समय से लंबित पक्की पुलिया का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है।
कबीरधाम में अब तक 453.8 मिमी बारिश
17 अगस्त तक कबीरधाम जिले में 453.8 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। जिले की वार्षिक औसत बारिश 919.6 मिमी है। इस लिहाज से अब तक वार्षिक औसत का 49.35 प्रतिशत पानी ही गिरा है। जिले की आठ में से सात तहसीलों में पिछले 10 साल के औसत की तुलना में बारिश कम दर्ज हुई है।
कुकदूर में सबसे अधिक, कुंडा सबसे पीछे
कुकदूर तहसील में अब तक 669.8 मिमी बारिश हुई है, जो वार्षिक औसत का 66.19 प्रतिशत है। पिछले 10 साल के औसत की तुलना में भी यहां 108.8 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई है। पिपरिया में 661.2 मिमी बारिश हुई है, जो वार्षिक औसत का 58.19 प्रतिशत है।
तहसील
अब तक बारिश
वार्षिक औसत में प्रतिशत
कुकदूर
669.8 मिमी
66.19%
पिपरिया
661.2 मिमी
58.19%
रेंगाखार कला
420.0 मिमी
48.77%
पंडरिया
375.0 मिमी
48.24%
बोड़ला
373.0 मिमी
43.98%
सहसपुर लोहारा
370.2 मिमी
42.77%
कवर्धा
442.8 मिमी
41.42%
कुंडा
318.0 मिमी
40.39%
कुंडा में 17 अगस्त तक सबसे कम 318 मिमी बारिश दर्ज हुई है। यहां वार्षिक औसत 787.3 मिमी है, जिसके मुकाबले अब तक केवल 40.39 प्रतिशत बारिश हुई है। कवर्धा में 442.8 मिमी, सहसपुर लोहारा में 370.2 मिमी और बोड़ला में 373 मिमी बारिश दर्ज की गई है। ये आंकड़े भू-अभिलेख से प्राप्त बारिश के आंकड़ों पर आधारित हैं।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button