दुकान के दो ताले तोड़कर लाखों की चोरी, CCTV में कैद वारदात; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

कुकदूर, कबीरधाम। जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के पोलमी बाजार में सोमवार देर रात एक किराना एवं लोक सेवा केंद्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर दुकान के दो ताले तोड़कर अंदर घुसा और नकदी सहित लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने का दावा किया गया है।
पीड़ित दुकानदार स्वागत राम शिव ने थाना कुकदूर में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, चोर दुकान से करीब 50 हजार से 1 लाख रुपये नकद, एक मॉनिटर, मोबाइल से संबंधित सामग्री तथा अन्य स्टेशनरी सामान चोरी कर ले गया। आरोप है कि दुकान में प्रवेश करने के बाद आरोपी कुछ समय तक सीसीटीवी कैमरे में दिखाई देता है, लेकिन बाद में कैमरा बंद कर देता है, जिससे आगे की गतिविधियां रिकॉर्ड नहीं हो सकीं।
पीड़ित ने यह भी बताया कि दुकान से लगी दूसरी दुकान का ताला भी तोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन वहां चोरी नहीं हो सकी।
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पीड़ित ने पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी, आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। घटना के बाद पोलमी बाजार के व्यापारियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।



