विविध

कबीरधाम पुलिस को मिले 120 स्मार्ट मोबाइल टर्मिनल, डिजिटल तकनीक से होगी तेज और पारदर्शी अपराध विवेचना

कवर्धा। अपराध विवेचना को अधिक वैज्ञानिक, त्वरित और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में कबीरधाम पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ द्वारा ASUMP Scheme AAP 2025-26 के तहत जिले के विवेचकों को 120 अत्याधुनिक Mobile Data Terminal (स्मार्ट मोबाइल फोन) उपलब्ध कराए गए हैं।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कबीरधाम में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में जिले के निरीक्षक, उप निरीक्षक एवं सहायक उप निरीक्षक स्तर के विवेचकों को मोबाइल डेटा टर्मिनल वितरित किए गए। जिले को प्राप्त 120 डिवाइसों में 20 निरीक्षक, 38 उप निरीक्षक और 62 सहायक उप निरीक्षक स्तर के विवेचक शामिल हैं।
इन अत्याधुनिक डिवाइसों के माध्यम से विवेचक घटनास्थल से ही ऑनलाइन रिकॉर्ड एवं दस्तावेजों तक त्वरित पहुंच बना सकेंगे। साथ ही विभिन्न पुलिस एप्लीकेशनों का उपयोग, डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित संधारण तथा विवेचना संबंधी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन भी आसान होगा। इससे अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता और गति में सुधार के साथ नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने सभी विवेचकों को मोबाइल डेटा टर्मिनल के सुरक्षित, जिम्मेदार एवं प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और तकनीक आधारित पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि मोबाइल डेटा टर्मिनल के माध्यम से विवेचक घटनास्थल से ही त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना कर सकेंगे, जिससे अपराध अनुसंधान की गति और गुणवत्ता दोनों में वृद्धि होगी तथा पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग को नई मजबूती मिलेगी।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button