वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश: दो आरोपी गिरफ्तार, छह चोरी की बाइक बरामद

कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.56 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना कवर्धा पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने बताया कि रणवीरपुर निवासी मनहरण सिंह क्षत्रिय की मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रविदासनगर निवासी सुनील कोसले (26) और गंगानगर निवासी सोनू (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने कवर्धा, पंडरिया, बेमेतरा और रायपुर से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर हीरो स्प्लेंडर, होंडा शाइन, बजाज प्लेटिना सहित छह चोरी की बाइक बरामद की गईं।
जांच में यह भी सामने आया कि एक आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने लोगों से वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।




