वनांचल क्षेत्र की बेटियों को शिक्षा की नई उड़ान: विधायक भावना बोहरा की पहल से कुई-कुकदुर और कुंडा महाविद्यालय की छात्राओं को मिलेगी निःशुल्क बस सुविधा

पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विधायक भावना बोहरा ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। आगामी शैक्षणिक सत्र से वनांचल क्षेत्र कुई-कुकदुर एवं कुंडा महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा प्रारंभ की जाएगी। इस नई सुविधा का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की छात्राओं को सुरक्षित एवं नियमित आवागमन उपलब्ध कराकर उच्च शिक्षा से जोड़ना है।
विधायक भावना बोहरा द्वारा शुरू की जा रही इस नई सेवा के बाद पंडरिया विधानसभा में कुल 10 निःशुल्क बस सेवाओं का संचालन होगा। अब तक 1000 से अधिक छात्राएं इस योजना का लाभ प्राप्त कर चुकी हैं। यह पहल छात्राओं को न केवल सुरक्षित परिवहन उपलब्ध करा रही है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति निरंतरता को भी मजबूती दे रही है।
वनांचल क्षेत्रों की छात्राओं को मिलेगा सीधा लाभ
कुई-कुकदुर महाविद्यालय हेतु संचालित होने वाली बस सेवा ग्राम अमनिया से प्रारंभ होकर नेऊर, कुशियारी, दमगढ़, लुढुटोला, उपका, अमेरा और कुकदुर की छात्राओं को महाविद्यालय तक पहुंचाएगी। वहीं कुंडा महाविद्यालय हेतु बस सेवा पेंड्रीकला, बसनी, घोरपेंड्री, कोलेगांव, दामापुर, खैरातुलसी, कोदवाकला, पंवरजली, दुल्लीपारा, माकरी और खैलटुकरी गांवों की छात्राओं को लाभान्वित करेगी।
निःशुल्क बस सेवा का लाभ लेने के लिए छात्राएं एवं उनके परिजन मोबाइल नंबर 9754462000 एवं 9755359004 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
पहले से संचालित हैं 8 निःशुल्क बस सेवाएं
विधायक भावना बोहरा द्वारा पूर्व में कवर्धा, सहसपुर लोहारा, पंडरिया, पांडातराई एवं पिपरिया महाविद्यालयों की छात्राओं के लिए 8 निःशुल्क बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जो निरंतर जारी रहेंगी। इस पहल से क्षेत्र में छात्राओं की ड्रॉपआउट दर में कमी आई है और अधिक से अधिक बेटियां उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर हो रही हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों के अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल बस सेवा नहीं, बल्कि वनांचल क्षेत्र की बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने वाला प्रयास है। इससे छात्राओं में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ेगा और अभिभावकों का विश्वास भी मजबूत होगा।
“कोई भी बेटी पढ़ाई से वंचित न रहे” — भावना बोहरा
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही समाज और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि कोई भी बेटी दूरी, संसाधनों या परिवहन की कमी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे, यही उनका संकल्प है।
उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सकारात्मक कार्य किए जा रहे हैं। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए पंडरिया विधानसभा में छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
भावना बोहरा ने कहा कि “भावना दीदी की गारंटी” के तहत क्षेत्र की बेटियों से किया गया वादा अब पूरा होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है कि क्षेत्र की बेटियां अब शिक्षा से वंचित नहीं, बल्कि अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
जून से शुरू होगी पंजीयन प्रक्रिया
विधायक ने जानकारी दी कि इस निःशुल्क बस सेवा हेतु पंजीयन प्रक्रिया आगामी जून माह से प्रारंभ होगी। छात्राएं अपने नजदीकी “जनसेवा ही भावना सेवा सुविधा केंद्र” (विधायक कार्यालय) से पंजीयन फॉर्म प्राप्त कर आवश्यक जानकारी भरकर जमा कर सकेंगी। पंजीयन पूर्ण होने के बाद छात्राओं को पहचान पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बस सेवाओं की समय सारिणी भी तय कर ली गई है तथा किन गांवों में किस समय छात्राओं को उपस्थित रहना होगा, इसकी सूचना जल्द जारी की जाएगी।




