कवर्धा में श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया हलषष्ठी (खमरछठ) पर्व
संतान की दीर्घायु और सुख-समृद्धि के लिए माताओं ने रखा व्रत, पंडित अभय तिवारी ने विधि-विधान से कराया पूजन

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा के गुप्ता पारा , ब्राह्मण पारा , देवांगन पारा, सहित कवर्धा के सभी वार्डों में हलषष्ठी (खमरछठ) का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की कामना को लेकर माताओं ने पूरे विधि-विधान के साथ व्रत रखा और हलषष्ठी माता की पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर गुप्ता पारा में विशेष पूजा का आयोजन किया गया। पुजारी पंडित अभय तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। महिलाओं ने पारंपरिक पूजा सामग्री से हलषष्ठी माता का पूजन कर संतान की खुशहाली और परिवार में सुख-शांति की कामना की।
पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई पूजा
खमरछठ पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूजा स्थल पर माताओं ने सामूहिक रूप से कथा श्रवण किया तथा पर्व की धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पूजा-अर्चना की। इस दौरान पारंपरिक रूप से पसहर चावल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों का उपयोग किया गया।
पंडित अभय तिवारी ने हलषष्ठी व्रत के धार्मिक महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि यह पर्व माताओं के लिए विशेष आस्था का पर्व है। संतान की दीर्घायु, आरोग्य और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना के लिए माताएं श्रद्धापूर्वक यह व्रत रखती हैं।
पूरे गुप्ता पारा में पर्व को लेकर दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा। महिलाओं ने पूजा-अर्चना के पश्चात एक-दूसरे को हलषष्ठी पर्व की शुभकामनाएं दीं।



