कवर्धा में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, विद्यार्थियों और नागरिकों ने लिया संकल्प

कवर्धा। समाज कल्याण विभाग, जिला कबीरधाम द्वारा “नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान” थीम के तहत नशा मुक्त भारत सप्ताह (17 जून से 26 जून 2026) का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बुधवार को स्वामी करपात्री आउटडोर स्टेडियम, कवर्धा में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद एकेडमी के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया। उपस्थित जनसमुदाय को नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार एवं समाज की प्रगति में भी बाधा उत्पन्न करता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर 275 लोगों ने ऑफलाइन तथा 98 लोगों ने ऑनलाइन शपथ ग्रहण की। इस प्रकार कुल 373 लोगों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता का संकल्प लिया।
विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए “हम सबका एक ही सपना – नशा मुक्त हो भारत अपना” संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। साथ ही स्वयं नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का प्रण लिया।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग, जिला कबीरधाम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि नशा मुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ, सुरक्षित एवं विकसित भारत के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित की जा सके




