विविध

पहले ही दिन ऑनलाइन अटेंडेंस सिस्टम फेल, वीएसके ऐप की तकनीकी खामियों से जूझते रहे शिक्षक

कवर्धा। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ शिक्षकों और कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के लिए शासन द्वारा लागू किए गए वीएसके (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप ने पहले ही दिन जवाब दे दिया। तकनीकी खामियों और नेटवर्क समस्याओं के कारण जिले के अधिकांश स्कूलों में ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज नहीं हो सकी, जिससे शिक्षक पूरे दिन ऐप पर माथापच्ची करते नजर आए।
शासन ने जून माह का वेतन ऑनलाइन उपस्थिति के आधार पर तैयार करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन पहले ही दिन उपस्थिति दर्ज नहीं होने से शिक्षकों में असमंजस की स्थिति बन गई है। नगर क्षेत्र सहित महली, कुंडा, पांडातराई और पंडरिया जैसे मैदानी इलाकों में भी ऐप सुचारु रूप से काम नहीं कर पाया। कई शिक्षकों के मोबाइल पर केवल “Please Wait” और घूमता हुआ लोडिंग चक्र दिखाई देता रहा।
कुछ शिक्षकों का चेक-इन तो दर्ज हो गया, लेकिन चेक-आउट नहीं हो सका। वहीं अनेक कर्मचारियों को ऐप में उनके पंजीकृत विद्यालय की लोकेशन से दूर बताया गया, जिससे उपस्थिति दर्ज करने में और परेशानी हुई। सत्र के पहले दिन शिक्षक पढ़ाई की तैयारी के बजाय तकनीकी दिक्कतों से जूझते रहे।
दूरस्थ क्षेत्रों में व्यवस्था पर उठे सवाल
शिक्षकों का कहना है कि ब्लॉक के कई वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा ही नहीं है। जब शहरी क्षेत्रों में ऐप ठीक से काम नहीं कर रहा है, तो नेटवर्क विहीन गांवों में इसकी सफलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
किताबों की स्कैनिंग भी बनी चुनौती
शासन द्वारा विद्यार्थियों को वितरण से पहले पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग अनिवार्य की गई है, लेकिन सर्वर संबंधी समस्याओं के कारण यह कार्य भी प्रभावित हो रहा है। कई स्कूलों में पुस्तकें स्कैन नहीं हो पा रही हैं। शिक्षकों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो पूरा जून माह केवल स्कैनिंग प्रक्रिया में ही निकल सकता है।
इसके अलावा प्रवेश उत्सव से पहले विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म वितरण के निर्देश दिए गए थे, लेकिन पंडरिया ब्लॉक के अधिकांश संकुलों में अब तक ड्रेस नहीं पहुंची है। ऐसे में बच्चों को किताबों और यूनिफॉर्म के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।
बेमेतरा में भी सामने आईं तकनीकी दिक्कतें
बेमेतरा जिले में भी ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था पहले ही दिन सवालों के घेरे में आ गई। शिवलाल राठी इंग्लिश मीडियम स्कूल, बैजलपुर, मटका, पीकरी, दाढ़ी और खंडसरा सहित कई विद्यालयों से उपस्थिति दर्ज नहीं होने की शिकायतें सामने आईं।
जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल ने बताया कि नेटवर्क और तकनीकी त्रुटियों की जानकारी प्राप्त हुई है। इस संबंध में उच्च कार्यालय को रिपोर्ट भेज दी गई है तथा समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button