विविध

पोंडी बाइपास पर बस हादसा: ट्रक से टकराकर खेत में घुसी, 15 यात्री घायल

बोड़ला, कबीरधाम। नेशनल हाईवे-30 स्थित पोंडी बाइपास पर गुरुवार शाम करीब 5 बजे एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तेज रफ्तार बस ने सामने चल रहे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद बस सड़क किनारे खेत में जा घुसी। हादसे में 15 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य की हालत सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, यह बस जबलपुर से रायपुर की ओर जा रही थी और इसमें लगभग 50 यात्री सवार थे। दुर्घटना के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई थी। बताया जा रहा है कि बस का वाइपर भी खराब था, जिसके कारण चालक को आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं दिया और यह हादसा हो गया।
यात्रियों ने सुनाई आपबीती
घायल यात्रियों के अनुसार, बस की खिड़कियां जाम थीं, जिससे वे बारिश से बचने के लिए उन्हें बंद नहीं कर सके। अंदर पानी भरने लगा था और चालक को सामने कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। अचानक हुई टक्कर के कारण बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्री एक-दूसरे पर गिर पड़े।
घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल
हादसे में घायल होने वालों में गुनीराम (54), जगन्नाथ (65), प्रेमवती (23), दुरपति (35), दीपक (40), नारायण (42), रामप्यारी (40), विनिता (8), माखनलाल (61), निधि (19) सहित कुल 15 लोग शामिल हैं। इनमें अधिकांश यात्री मध्य प्रदेश के मंडला और डिंडौरी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
तीन बड़ी लापरवाहियां आई सामने
प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे कई गंभीर लापरवाहियां सामने आई हैं—
बस का वाइपर खराब था और खिड़कियां जाम थीं, फिर भी उसे फिटनेस प्रमाण पत्र जारी किया गया।
40 सीटर बस में करीब 50 यात्रियों को बैठाया गया था।
खराब मौसम और कम दृश्यता के बावजूद बस तेज गति से चलाई जा रही थी।
हादसे के बाद चालक फरार
दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों और डायल 112 की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button