घोंघा में वृक्षारोपण महाभियान, शाला परिसर में लगाए गए 50 पौधे

सी जी एन न्यूज़ | कवर्धा
वनांचल क्षेत्र के शासकीय हाई स्कूल घोंघा में भारत स्काउट एवं गाइड तथा जूनियर रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में 12 सितंबर को वृहद वृक्षारोपण महाभियान आयोजित किया गया। इस दौरान शाला परिसर में करीब 50 पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि लोकचंद साहू, विशिष्ट अतिथि जिला स्काउट गाइड संघ के उपाध्यक्ष संदीप गुप्ता, ग्राम पंचायत घोंघा के सरपंच फुलेश मेरावी सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर किया। छात्राओं भूमिका और पायल ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन रेड क्रॉस प्रभारी हेमंत कुमार सोनी ने किया। मुख्य अतिथि लोकचंद साहू ने कहा कि वृक्षारोपण का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लेना भी है। उन्होंने “वृक्ष लगाएं, जीवन बचाएं, धरती को खुशहाल बनाएं” का संदेश दिया।
इन प्रजातियों के लगाए पौधे
अभियान के तहत शाला परिसर में बेल, नीम, बांस, कदम, बादाम, करंज, महानीम, कटहल और खम्हार सहित विभिन्न प्रजातियों के करीब 50 पौधे लगाए गए।
स्काउट मास्टर एवं युवा व ईको क्लब प्रभारी राजेश कुमार साहू, गाइड कैप्टन भगवती हठीले तथा रेड क्रॉस प्रभारी हेमंत कुमार सोनी ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया।
व्याख्याता ब्रजेश गुप्ता ने अतिथियों एवं विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल का संकल्प लेने की अपील की। प्रभारी प्राचार्य रामकुमार बघेल ने सभी अतिथियों का आभार जताते हुए कहा कि शाला के शिक्षक और विद्यार्थी मिलकर पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।




