आईपीएल सट्टे पर कबीरधाम पुलिस का शिकंजा: दो युवक गिरफ्तार, मोबाइल जब्त

कवर्धा, 15 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई जारी रखी है। आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खेलने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीरधाम पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी आशीष शुक्ला के नेतृत्व में थाना कवर्धा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई 14 अप्रैल को की गई, जब मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कवर्धा-रायपुर मुख्य मार्ग स्थित ग्राम दुल्लापुर के पास घेराबंदी कर अंकित गोस्वामी (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया। वह मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेलते पाया गया। उसके पास से Vivo V27 मोबाइल जब्त किया गया, जिसकी जांच में व्हाट्सएप चैट और matchbox9.com के माध्यम से सट्टा खेलने के प्रमाण मिले।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने रायपुर-राजनांदगांव बायपास तिराहा, कवर्धा क्षेत्र से दीपक कश्यप (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया। वह भी मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेल रहा था। उसके पास से Vivo कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया, जिसमें सट्टा साइट और संबंधित आईडी के साक्ष्य मिले।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कवर्धा में अलग-अलग अपराध क्रमांक 153/2026 और 154/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 07 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टा और जुआ जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप सहित थाना कवर्धा और साइबर टीम का विशेष योगदान रहा।



