पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला कवर्धा, कई प्राकृतिक स्थल आज भी विकास की बाट जोह रहे!
भोरमदेव से चिल्फी घाटी तक पर्यटन का खजाना, सुविधाओं और प्रचार-प्रसार की कमी से अपेक्षित पहचान नहीं

कवर्धा। विशेष रिपोर्ट | बृजेश गुप्ता
कबीरधाम जिला प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक विरासत और धार्मिक आस्था के मामले में समृद्ध है। यहां भोरमदेव मंदिर, मड़वा महल, छेरकी महल, चिल्फी घाटी, रानीदहरा जलप्रपात, सरोधा बांध, पचराही और भोरमदेव अभयारण्य जैसे अनेक आकर्षक पर्यटन स्थल मौजूद हैं। वहीं पंडरिया और बोड़ला के वनांचल में भी पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।
इसके बावजूद जिले के कई प्राकृतिक स्थलों को अपेक्षित पहचान और विकास नहीं मिल पाया है। अनेक स्थानों पर बेहतर पहुंच मार्ग, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा और पर्यटक सुविधाओं की जरूरत है।
भोरमदेव कॉरिडोर के लिए स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत 145.99 करोड़ रुपये की स्वीकृति और अभयारण्य में जंगल सफारी की पहल से पर्यटन विकास की उम्मीदें बढ़ी हैं। जरूरत है कि जिले के सभी प्रमुख स्थलों को एक पर्यटन सर्किट से जोड़कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
पर्यटन विकास से स्थानीय युवाओं को रोजगार, ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को बाजार मिल सकता है। अब सवाल यह है कि प्राकृतिक और ऐतिहासिक संपदा से भरपूर कवर्धा को छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए ठोस पहल कब होगी?





