विविध

तीन बार टूटा बिजली का तार, शिकायतों के बाद भी नहीं बदली लाइन; आखिर किसकी लापरवाही ने ली छात्र की जान?

11 हजार वोल्ट की लाइन में करंट से 16 वर्षीय राकेश की मौत, सुरक्षा सिस्टम और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा।
पांडातराई क्षेत्र के ग्राम मंझोली में 11 हजार वोल्ट के टूटे बिजली तार की चपेट में आकर 16 वर्षीय छात्र राकेश निर्मलकर की मौत ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस तार में करंट प्रवाहित होने से छात्र की जान गई, वह पहले भी तीन बार टूट चुका था। इसकी शिकायत बिजली विभाग से की गई थी, इसके बावजूद लाइन को स्थायी रूप से नहीं बदला गया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि बार-बार तार टूटने की जानकारी होने के बाद भी विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए? क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा था? यदि समय रहते कमजोर तार बदल दिया जाता तो शायद एक परिवार का चिराग बुझने से बच सकता था।
सुरक्षा सिस्टम पर भी सवाल
11 केवी बिजली लाइन में तार टूटने पर सब-स्टेशन के वैक्यूम सर्किट ब्रेकर (वीसीबी) और अर्थ फॉल्ट रिले को निर्धारित परिस्थितियों में बिजली सप्लाई बंद करनी चाहिए। इसके बावजूद जमीन पर गिरे तार में करंट प्रवाहित होता रहा। अब जांच का विषय है कि सुरक्षा उपकरणों ने काम क्यों नहीं किया? क्या तकनीकी खराबी थी, गलत सेटिंग थी या रखरखाव में लापरवाही हुई?
शिकायतों के बाद कार्रवाई क्यों नहीं?
ग्रामीणों के अनुसार, तार तीन बार टूटने के बाद भी केवल मरम्मत की गई, लेकिन लाइन बदलने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया। ऐसे में एई, जेई और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए। शिकायतों का रिकॉर्ड, मेंटेनेंस रजिस्टर और पूर्व में किए गए निरीक्षण की जानकारी सामने आना जरूरी है।
जांच और जवाबदेही जरूरी
घटना के बाद बिजली कंपनी ने तकनीकी जांच और मेंटेनेंस रिकॉर्ड की पड़ताल करने की बात कही है। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय करने का आश्वासन भी दिया गया है। लेकिन सवाल यह है कि क्या जांच में केवल तकनीकी खराबी बताकर मामला समाप्त कर दिया जाएगा या उन अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय होगी, जिनके जिम्मे लाइन का रखरखाव था?
सीजीएन न्यूज़ के पांच बड़े सवाल
तीन बार तार टूटने के बाद भी स्थायी सुधार क्यों नहीं किया गया?
टूटे तार में करंट प्रवाहित होने से रोकने वाली सुरक्षा प्रणाली ने काम क्यों नहीं किया?
विभाग को सूचना मिलने के बाद बिजली सप्लाई बंद करने में देरी क्यों हुई?
कमजोर लाइन की निगरानी और मरम्मत के लिए जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते कदम क्यों नहीं उठाए?
क्या दोषियों पर कार्रवाई होगी या पीड़ित परिवार को मुआवजा देकर जिम्मेदारी से बचा जाएगा?
एक छात्र की मौत केवल दुर्घटना नहीं, बल्कि बिजली सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर समीक्षा का विषय है। अब जरूरत है निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारी तय करने और ऐसी व्यवस्था बनाने की, ताकि भविष्य में किसी दूसरे परिवार को इस तरह अपना बेटा न खोना पड़े।
सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button