
कवर्धा -:छ त्तीसगढ़ विधानसभा में स्कूल शिक्षा विभाग के बजट पर चर्चा के दौरान पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में विद्यालयों के उन्नयन, नए स्कूल भवनों के निर्माण, हाई स्कूलों को हायर सेकेंडरी में अपग्रेड करने तथा छात्राओं के लिए बेहतर शौचालय सुविधाओं की मांग सदन में उठाई। साथ ही कन्या हाई स्कूल की स्थापना और शिक्षा के लिए विशेष बजट प्रावधान की आवश्यकता बताई।
विधायक बोहरा ने पर्यटन विकास को लेकर भी सवाल उठाए। सरकार की ओर से जानकारी दी गई कि पंडरिया क्षेत्र में फिलहाल केवल पारस नगर बकेला को पर्यटन स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है और हाल के वर्षों में नए विकास कार्यों के लिए कोई राशि स्वीकृत नहीं हुई है। भैंसाउदार जलप्रपात को भी अभी पर्यटन स्थल के रूप में मान्यता नहीं मिली है।
आदिवासी युवाओं के लिए आजीविका योजनाओं पर चर्चा में बताया गया कि जिले में स्वरोजगार, नर्सिंग, हॉस्पिटालिटी और वाहन चालक प्रशिक्षण जैसी योजनाएं संचालित हैं, जिनसे वर्ष 2024-25 में कुल 43 युवाओं को लाभ मिला।
किसान क्रेडिट कार्ड और फसल बीमा योजना पर सरकार ने बताया कि कबीरधाम जिले में 1.14 लाख से अधिक किसान पंजीकृत हैं और अधिकांश आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। वहीं फसल बीमा के तहत 2025-26 में 5 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश स्वीकृत हुए हैं।
पशु टीकाकरण कार्यक्रम के तहत जिले में पिछले दो वर्षों में 20 लाख से अधिक पशुओं का टीकाकरण किया गया है। सरकार ने भविष्य में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही।





