
कवर्धा।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के दो वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी ने कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल से सीधी तुलना करते हुए कहा कि विकास की गति और नीयत में जमीन-आसमान का अंतर है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस के पांच वर्षों में जहां 13,268 गरीबों को ही पक्का मकान मिला, वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में मात्र दो वर्षों में कबीरधाम जिले के लिए 60 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए।
सड़क निर्माण के क्षेत्र में भी बड़ा अंतर बताते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में पूरे जिले में 27 सड़कें स्वीकृत हुईं, जबकि विजय शर्मा के प्रयासों से अकेले कवर्धा विधानसभा में दो वर्षों में 73 से अधिक सड़कें स्वीकृत की गईं।
स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज, भोरमदेव विद्यापीठ, नालंदा लाइब्रेरी, सीटी स्कैन मशीन, निःशुल्क सोनोग्राफी और एंबुलेंस जैसी सुविधाएं शुरू की गईं। सिंचाई के लिए 250 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 146 करोड़ की लागत से भोरमदेव कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। महिला स्व-सहायता समूहों के लिए 19 महतारी सदन, दिव्यांगजनों को स्कूटी, महिलाओं को सिलाई मशीन, आदिवासियों को कंबल वितरण जैसी योजनाएं भी लागू की गईं।
बिजली आपूर्ति के लिए 8 नए सब स्टेशन और बोड़ला क्षेत्र में आधुनिक गौ अभ्यारण्य के निर्माण की जानकारी भी दी गई।
प्रेस वार्ता में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला भाजपा उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य लोकचंद साहू और वीरसिंह पटेल उपस्थित रहे।




